पटना। आकाशवाणी पटना के प्रादेशिक समाचार एकांश की ओर से सोमवार से भोजपुरी समाचार बुलेटिन का नियमित प्रसारण शुरू हो गया। पहला भोजपुरी समाचार बुलेटिन सोमवार शाम 6 बजकर 5 मिनट पर आकाशवाणी पटना सहित राज्य के विभिन्न केंद्रों से प्रसारित किया गया। भोजपुरी भाषा और संस्कृति से जुड़े लोगों के लिए इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- 1873 से 1916 के बीच 34 हजार भारतीय पहुंचे सूरीनाम, 70% थे भोजपुरी भाषी
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भोजपुरी समाचार बुलेटिन के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रीय भाषाओं में समाचार प्रसारण से स्थानीय संस्कृति, भाषा और समाज को नई पहचान मिलती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार भारतीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सांसद सुनील कुमार ने कहा कि भोजपुरी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं और सांस्कृतिक विरासत की पहचान है। ऐसे में आकाशवाणी जैसे राष्ट्रीय मंच से भोजपुरी समाचारों का प्रसारण शुरू होना बेहद स्वागतयोग्य कदम है। इससे भोजपुरी भाषी श्रोताओं को अपनी भाषा में विश्वसनीय समाचार सुनने का अवसर मिलेगा।
ये भी पढ़ें- भारत से मॉरीशस-फिजी पहुंचने में लगभग 45 से 120 दिन लगते, बहुत तो रास्ते में ही मर गए-आत्महत्या कर लिए
कार्यक्रम में आकाशवाणी पटना के केंद्राध्यक्ष ए.डी. सिजाम, कार्यक्रम प्रमुख अमित कुमार, उप निदेशक (समाचार) एवं समाचार प्रमुख अजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने इस पहल को भोजपुरी भाषा के लिए ऐतिहासिक और सकारात्मक कदम बताया।
उल्लेखनीय है कि भोजपुरी देश-विदेश में 35 करोड़ करोड़ों लोगों द्वारा बोली और समझी जाती है। लंबे समय से भोजपुरी में नियमित समाचार बुलेटिन शुरू करने की मांग उठती रही है। अब आकाशवाणी पटना द्वारा इसकी शुरुआत होने से भोजपुरी भाषी समाज में खुशी और उत्साह का माहौल है।

