आरा: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे तलाक मामले में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। आरा कोर्ट में 5 मई को हुई सुनवाई के बाद ज्योति सिंह के वकील विष्णुधर पांडे ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि उनकी ओर से 12 करोड़ रुपये की मांग रखी गई है. हालांकि इससे पहले ज्योति सिंह सार्वजनिक रूप से एलिमनी में किसी भी बड़ी रकम की मांग करने से इनकार कर चुकी हैं। ऐसे में वकील का यह बयान अब चर्चा का विषय बन गया है।

सुनवाई टली, कोर्ट नहीं पहुंचे पवन और ज्योति

मामले की सुनवाई के दौरान न तो पवन सिंह कोर्ट पहुंचे और न ही ज्योति सिंह। मीडिया से बातचीत में ज्योति के वकील ने बताया कि दोनों अपने-अपने व्यस्त कार्यक्रमों के कारण अदालत में उपस्थित नहीं हो सके। इसी वजह से कोर्ट ने मामले की अगली तारीख तय कर दी है। वकील ने यह भी कहा कि अगर आगे भी दोनों पक्ष कोर्ट में उपस्थित नहीं होते हैं तो मामला इसी तरह लंबा खिंच सकता है और अदालत लगातार नई तारीख देती रहेगी।

ज्योति तलाक नहीं चाहतीं हैं

वकील विष्णुधर पांडे ने कहा कि पवन सिंह खुद तलाक चाहते हैं और उन्होंने ही अदालत में याचिका दाखिल की है। वहीं ज्योति सिंह इस रिश्ते को खत्म नहीं करना चाहतीं। उनके मुताबिक, ‘शादी को सात साल हो चुके हैं। ऐसे में कोई भी इतनी आसानी से रिश्ता खत्म नहीं करना चाहेगा।’

12 करोड़ एलिमनी पर क्या बोले वकील?

एलिमनी को लेकर चल रही चर्चाओं पर वकील ने साफ कहा कि 12 करोड़ रुपये की मांग रखी गई है। उन्होंने कहा कि पवन सिंह ने अभी तक पहले के मेंटेनेंस से जुड़े भुगतान भी नहीं किए हैं। वकील ने आगे कहा कि पवन सिंह की आर्थिक स्थिति को देखते हुए ज्योति सिंह को उचित गुजाराभत्ता मिलना चाहिए। हालांकि अंतिम फैसला अदालत ही करेगी। बता दें कि पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी साल 2019 में हुई थी। यह पवन सिंह की दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह ने शादी के कुछ महीनों बाद आत्महत्या कर ली थी। फिलहाल पवन और ज्योति का तलाक मामला कोर्ट में लंबित है और लगातार तारीखें पड़ रही हैं, लेकिन अब तक कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here