डॉ. देवेन्द्र
छठ गीतों का लोक संसार-7
छठ के गीतों में अलग तरह का घरेलूपन होता है। वे घर के आंगन से निकलते हैं। घाट तक पहुँचते-पहुँचते पूरे समाज की प्रार्थना बन जाते हैं। उनमें फल-फूल, सूप-दउरा, दीप और अर्घ्य की जितनी जगह होती है, उतनी ही जगह घर-परिवार के सुख, बच्चों की सलामती और दांपत्य जीवन की मंगलकामना को भी मिलती है। युवा गायिका अलंकृता मिश्रा का ‘मिसरी भोजपुरी’ यूट्यूब चैनल पर अपलोड छठ गीत, ‘छठी मईया’ इसी घरेलू संसार का सुंदर वितान रचता है। गीत को सुनते हुए लगता है, जैसे घर की कोई स्त्री छठी मइया के सामने अपना सारा मन खोलकर रख रही हो। स्वर में सहजता है। मिठास है। और एक ऐसी आत्मीयता भी, जो सुनने वाले को गीत के साथ अपने घर-आंगन तक ले जाती है।
ये भी पढ़ें-ठिठुरते पाँव, मन में आस और छठ मइया से अरज (छठ गीतों का लोक संसार-6)
सूप-दउरा और आंचल में आशीष भरने की कामना
गीत की शुरुआत में ही लोकजीवन की परिचित तस्वीर सामने आती है। सूप, दउरा, नारियल और घाट। छठ की तैयारी में जुटे घरों के लिए ये चीजें पूजा की सामग्री भर नहीं हैं। इनके साथ पीढ़ियों का अभ्यास जुड़ा है। घर की स्त्रियों ने इन्हें सँभालना अपनी माताओं से सीखा है। और बेटियों तक पहुँचाया है। गीत में गायिका कहती हैं,
‘सुपवा, दउरवा से जोड़ा नरियरवा
घटवा पर तोहके चढ़इबो हे छठी मइया
भर दिहऽ आसिस से हमरो आंचरवा,
गजमती चउका पूरइबो हे छठी मइया’
यहाँ पूजा की तैयारी के साथ एक छोटी-सी पारिवारिक आकांक्षा भी जुड़ी है। स्त्री छठी मइया के लिए चढ़ावा सजा रही है, पर उसकी सबसे बड़ी विनती अपने आंचल को आशीष से भर देने की है। लोकगीतों में आंचल का अर्थ कपड़े के एक टुकड़े से कहीं अधिक होता है। उसमें संतान का सुख है। परिवार की मंगलकामना है और आने वाले कल को लेकर मन में सँजोई गई उम्मीदें हैं। इसीलिए आंचल भरने की प्रार्थना में एक स्त्री के पूरे जीवन का भाव समा जाता है। गजमती चौका पूरने की बात भी इसी घरेलू संसार का विस्तार करती है। पूजा के अनुष्ठान में घर की अपनी रीति, अपना सौंदर्य और अपना विश्वास शामिल हो जाता है।
ये भी पढ़ें- छठी मइया राह दिखाईं, घर की बाट जोहता परदेसिया मन (छठ गीतों का लोक संसार-5)
श्रद्धा, कोसी और चौमुख दीप में घर की मंगलकामना
गीत का दूसरा अंतरा इस विश्वास को और आत्मीय बनाता है। ‘अंखियन में सरधा सनाइल बा माई’ में श्रद्धा आँखों में बसी हुई है। यह श्रद्धा किसी बड़े दार्शनिक विवेचन से पैदा नहीं होती। इसका जन्म रोजमर्रा के जीवन में होता है। घर की स्त्रियाँ जब पूजा की तैयारी करती हैं या कोसी भरती हैं और चौमुख दीप जलाती हैं, तब उनके काम में भी एक तरह की प्रार्थना शामिल रहती है। गीत की पंक्तियाँ हैं,
‘अंखियन में सरधा सनाइल बा माई
आंगना में कोसिया भराइल बा माई
रउवे से जिनगी में जगमग अँजोरिया
चउमुख दियनवा बराइल बा माई’
यहाँ कोसी और चौमुख दीप का उल्लेख महत्त्वपूर्ण है। छठ के अनुष्ठान में पूजा की वस्तुओं का अपना सांस्कृतिक अर्थ है। हर वस्तु लोकविश्वास और कुल-परिवार की परंपरा से जुड़ी है। गीत इन वस्तुओं को गिनाकर आगे नहीं बढ़ जाता, उनके सहारे घर के भीतर बसे विश्वास को व्यक्त करता है। चौमुख दीप में चार दिशाओं तक फैली मंगलकामना देखी जा सकती है। स्त्री अपने घर के लिए सुख चाहती है। पर उसकी प्रार्थना अपने परिवार तक सीमित नहीं रहती। ‘सबके पुरइहऽ माई हिया के सपनवा’ कहते हुए वह सबके मन की मुराद पूरी होने की कामना करती है। अपने हिस्से की प्रार्थना में दूसरों के सुख को शामिल कर लेना लोकमन की एक सहज उदारता है।
ये भी पढ़ें- माई बिनु छठ और लोर का अर्घ्य…(छठ गीतों का लोक संसार- 4)
चिरई के लिए आकाश और संतान के लिए लंबी उम्र की प्रार्थना
यहीं से इस गीत के बहाने एक सवाल उठता है। छठ के गीतों में स्त्री की उपस्थिति को हम किस रूप में देखते हैं? क्या वह अनुष्ठान निभाने वाली स्त्री भर है, या अपने परिवार और समाज के भविष्य की कल्पना करने वाली एक स्वतंत्र भावभूमि भी उसके पास है? इस गीत को ध्यान से सुनें, तो दूसरी बात अधिक साफ होती है। स्त्री अपनी इच्छाएँ छिपाती नहीं है। वह संतान के लिए दीर्घायु माँगती है। पति के साथ अपने दांपत्य जीवन की निरंतरता चाहती है। घर की समृद्धि की कामना करती है। उसकी प्रार्थना में परिवार है। पर उस परिवार के बीच उसकी अपनी भावनाएँ भी उपस्थित हैं।
ये भी पढ़ें- बीमार माँ, व्याकुल बेटी और ‘उगी हे सुरुज देव’ की आस (छठ गीतों का लोक संसार- 3)
वह अपनी मन्नतें बिना किसी संकोच के छठी मइया के सामने रखती है। गीत का तीसरा अंतरा इसी भाव को एक बड़े लोकविश्वास से जोड़ता है,
‘चिरई ला माँगिलें सउंसे आकसवा
मांगीं असीस सगरो गईया बछरुवा
हमरो उमीरि मोरे बबुआ के दीह
बनल रहे बुचिया पर तोहरी असिसिया’
चिड़िया के लिए पूरा आकाश और गाय-बछड़ों के लिए आशीष माँगना लोकजीवन की उस दृष्टि को सामने लाता है, जिसमें मनुष्य अपने सुख को प्रकृति और दूसरे जीवों से अलग करके नहीं देखता। चिड़िया को आकाश मिलना चाहिए। गाय-बछड़ों का कल्याण होना चाहिए और बच्चों पर देवी की कृपा बनी रहनी चाहिए। यह प्रार्थना मनुष्य के अपने परिवार से आगे बढ़कर जीव-जगत तक पहुँचती है। लोकसंस्कृति की यह विशेषता ध्यान देने योग्य है। उसके यहाँ प्रकृति कोई दूर की अवधारणा नहीं है। वह घर के आंगन, पशुओं के बाड़े, खेतों और आकाश में रोज दिखाई देती है। इसलिए उसकी मंगलकामना में चिड़िया और गाय-बछड़े भी सहज रूप से शामिल हो जाते हैं।
ये भी पढ़ें-दुनिया के ए छठी माई सुनेलू हो, हमरो तू सुनी ल पुकार… (छठ गीतों का लोक संसार- 2)
पर, इसी अंतरे में एक ऐसी पंक्ति आती है, जिसके सामने श्रोता कुछ देर के लिए ठहरकर सोचने को विवश होता है। ‘हमरो उमीरि मोरे बबुआ के दीह।’ एक माँ अपने बच्चे के लिए अपनी उम्र माँग रही है। यह मातृत्व की वही परिचित आकांक्षा है, जिसकी अभिव्यक्ति लोकगीतों में अनेक रूपों में मिलती है। माँ चाहती है कि बच्चे का जीवन लंबा हो, उसके हिस्से की विपत्ति अपने ऊपर आ जाए। इस भाव में ममता की सहजता है। पर इसके भीतर एक सामाजिक सवाल भी छिपा है। स्त्री की अपनी उम्र, उसका अपना जीवन और उसकी इच्छाएँ क्या परिवार के लिए की जाने वाली प्रार्थनाओं में पीछे छूट जाती हैं? क्या मातृत्व का आदर्श हमेशा अपने हिस्से का सुख छोड़ देने में ही व्यक्त होगा? इस गीत की खूबी यह है कि वह इस सवाल को किसी उपदेश के सहारे नहीं उठाता। वह एक लोकपंक्ति के भीतर इसे हमारे सामने रख देता है। यहाँ गीत की भावुकता के साथ विचार की एक खिड़की भी खुलती है।
मांग के सेनुर में दांपत्य जीवन की मंगलकामना
अंतिम पंक्तियों में गीत फिर उसी घरेलू संसार में लौट आता है, जहाँ से उसकी शुरुआत हुई थी,
‘टहकत रहे मोरा मांग के सेनुरिया,
हर साल पियरी रंगईबो हे छठी मईया’
मांग का सेनुरिया दांपत्य जीवन की मंगलकामना का प्रतीक है। हर साल पियरी रंगाने की इच्छा में व्रत की निरंतरता भी है और जीवन के साथ बने रहने की आकांक्षा भी। छठ का पर्व हर साल लौटता है। उसके साथ लौटती हैं, पुरानी स्मृतियाँ। घर की तैयारियाँ। घाट जाने की उमंग और छठी मइया से की जाने वाली विनतियाँ। स्त्री चाहती है कि उसका सुहाग बना रहे, उसका परिवार सुरक्षित रहे और वह फिर इसी विश्वास के साथ पूजा में शामिल हो सके। इस तरह गीत का समापन किसी एक दिन की पूजा पर नहीं, आने वाले वर्षों की मंगलकामना पर होता है।
ये भी पढ़ें-जिसे सबने दोषी माना, वह छठ माई के आगे आँचल पसारे खड़ी है (छठ गीतों का लोक संसार-1)
लोकसंवेदना और घरेलू अनुभव का मधुर संगीत
अलंकृता मिश्रा के स्वर की सबसे अच्छी बात यह है कि वह इस गीत के भावों पर अपना अलग से कोई आवरण नहीं चढ़ाता। गायन में सहजता है। स्वर की मिठास शब्दों को उनके स्वाभाविक अर्थ में खुलने देती है। गीत की प्रकृति को देखते हुए यही गायकी उसके अनुकूल बैठती है। छठ गीत में स्वर का कौशल अपनी जगह है। पर शब्दों की आत्मीयता और लोकभाव से उसका मेल अधिक महत्त्व रखता है। इस गीत को सुनते हुए बनावटी भावुकता का अनुभव नहीं होता। वह घर की किसी परिचित स्त्री की विनती जैसा लगता है।
आज छठ गीतों की दुनिया में संगीत संयोजन, गायकों की लोकप्रियता और डिजिटल माध्यमों पर मिलने वाले लाइक्स, व्यूज का महत्त्व लगातार बढ़ा है। ऐसे समय में यह सवाल और भी मौजूं है कि क्या किसी छठ गीत की लोकप्रियता उसके संगीत और प्रस्तुति से तय होगी या उसके भीतर बची लोकसंवेदना से? दोनों का अपना महत्त्व है। नए संगीत और नई गायकी का स्वागत होना चाहिए। पर गीत के भीतर से वह घरेलू अनुभव गायब नहीं होना चाहिए, जिसने छठ को पीढ़ियों से लोकजीवन का पर्व बनाए रखा है। इस गीत की विशेषता है कि वह अपनी प्रस्तुति में सहज रहते हुए लोकजीवन के कुछ बुनियादी भावों को बचाए रखता है। उसमें पूजा की सामग्री है। घर का आंगन है। चिड़िया का आकाश है। गाय-बछड़ों की मंगलकामना है। बच्चे की लंबी उम्र है और मांग के सेनुर को बचाए रखने की इच्छा भी।
छठ के घाट पर जब कोई स्त्री सूप में फल सजाकर खड़ी होती है, तब उसके हाथों में पूजा की सामग्री के साथ घर-परिवार के अनेक सपने भी होते हैं। वह सूर्य को अर्घ्य देती है। छठी मइया से विनती करती है। और अपने हिस्से की सारी चिंताएँ उस लोकविश्वास के सुपुर्द कर देती है, जिसे उसने अपनी माँ और दादी से पाया है। अलंकृता मिश्रा का यह गीत उसी स्त्री के मन की बात कहता है। इसकी सार्थकता इसी में है कि यह छठ को अनुष्ठान से आगे ले जाकर जीवन की छोटी-बड़ी कामनाओं से जोड़ता है। गीत सुनकर अंततः यही लगता है कि लोकगीत की सबसे बड़ी कसौटी उसका कठिन शब्द-विन्यास या संगीत का वैभव नहीं, मनुष्य के जीवन से उसका रिश्ता है। जो गीत घर की किसी स्त्री की अनकही बात को अपना स्वर दे सके, वह लोक के बीच अपनी जगह बना लेता है। यह गीत उसी परंपरा का एक सहज, मधुर और आत्मीय उदाहरण है।





[…] ये भी पढ़ें- चिरई खातिर आकाश, मांग में से… […]