अतुल कुमार राय के गीत ‘छठी मइया रहिया देखाईं’ के बहाने डॉ. देवेन्द्र ने लोकगीतों में जुड़ते समय के इस नए दर्द और युवा मन की भावनाओं को समझने की कोशिश की है।
छठ गीतों का लोक संसार-5
छठ गीतों की दुनिया में जीवन का कोई प्रसंग अछूता नहीं रहता। खेत-खलिहान, घर-परिवार, सुख-दुख, मनौती, विरह और अभाव। सबके लिए यहाँ जगह है। लोक अपने समय के साथ चलता है। उसके गीतों में समय-समय पर नये अनुभव जुड़ते रहते हैं। इसीलिए छठ के गीतों में अब उन नौजवानों का दुख भी जगह पा रहा है, जो गाँव-घर से दूर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगे हैं। अतुल कुमार राय का गीत, ‘छठी मइया रहिया देखाईं’ इसी नये अनुभव की उपज है।‘BhojpuriiTcell’ यूट्यूब चैनल पर प्रस्तुत इस गीत के निर्माता शैलेंद्र द्विवेदी हैं। शुभम् शर्मा और शोभित सिन्हा ने इसे संगीतबद्ध किया है। सुरभी कश्यप ने अपनी सहज और मधुर आवाज़ में इसे गाया है। गीत के बोल अतुल राय ने लिखे हैं। इसमें छठ के बहाने एक ऐसे युवा मन की व्याकुलता सामने आती है, जिसके पास सपने तो बहुत हैं, पर घर लौटने के साधन सीमित हैं।
ये भी पढ़ें- माई बिनु छठ और लोर का अर्घ्य…(छठ गीतों का लोक संसार- 4)
एक अदद सरकारी नौकरी की चाह में गाँव से शहर आए इन नौजवानों की दुनिया बड़ी छोटी होती है। किराये का कमरा, किताबें, कोचिंग और रोजमर्रा के खर्च का हिसाब। परिवार की उम्मीदें उनके साथ रहती हैं। मन में यह भरोसा भी कि एक दिन नौकरी मिलेगी, तो घर की जिम्मेदारियाँ सँभाल सकेंगे। अपने लोगों के लिए कुछ कर सकेंगे। मगर इस तैयारी के बीच जब छठ आता है, तो किताबों और परीक्षाओं से बनी दिनचर्या में घर की याद एकाएक सिर उठाने लगती है। घाट पर जाती माँ। पोखरे की सफाई। घर में बनते ठेकुए की गंध, मन को अपने गाँव की ओर खींचने लगती है। जाने की इच्छा प्रबल होती है। पर जेब साथ नहीं देती। रेलगाड़ी में जगह मिले, इसका भरोसा नहीं। मन घर पहुँच चुका होता है। देह किराये के कमरे में रह जाती है।

गीत की आरंभिक पंक्तियाँ इसी जीवन-संघर्ष को बहुत सहज ढंग से सामने रखती हैं।
‘अपना पढ़ाई के बावे सर पे बोझा,
लऊके ना माई कुछ आँखिया के सोझा…’
यहाँ पढ़ाई का बोझ पाठ्यक्रम या किताबों तक सीमित नहीं है। उसके साथ भविष्य की चिंता और घरवालों की उम्मीदें भी जुड़ी हैं। आँखों के सामने कुछ साफ नहीं दिखता। परीक्षा कब होगी, परिणाम कब आएगा और नौकरी कब मिलेगी, कुछ निश्चित नहीं। इस अनिश्चितता के बीच कॉलेज, किताब और कोचिंग ही जीवन का पूरा संसार बन गए हैं। गीतकार की दृष्टि इस नौजवान के संघर्ष को किसी बड़े दार्शनिक कथन में नहीं बदलती। वह उसकी रोजमर्रा की जिंदगी से ही बात उठाता है। इसीलिए ‘कॉलेज और किताब कोचिंग बनल त्यौहार बा’ जैसी पंक्ति मन में सहज उतरती है। जिस उम्र में त्योहार का अर्थ दोस्तों से मिलना, घर जाना और उत्सव में शामिल होना होता है, उस उम्र में इस युवक के हिस्से किताबें और कोचिंग आई हैं। उसकी दिनचर्या में पढ़ाई ही पर्व बन गई है। इस पंक्ति में एक हल्की-सी विडंबना भी है और अपने समय के नौजवानों की विवशता भी।
ये भी पढ़ें- बीमार माँ, व्याकुल बेटी और ‘उगी हे सुरुज देव’ की आस (छठ गीतों का लोक संसार- 3)
गीत का सबसे मार्मिक हिस्सा वह है, जहाँ घर की याद ठोस घरेलू बिंबों के साथ आती है।
‘घरवा से दूर रहिके छठ याद आवे, माई अउर चाची के याद भी सतावे…’
छठ की स्मृति यहाँ किसी धार्मिक अनुष्ठान की सामान्य याद नहीं है। उसके साथ घर के अपने लोग हैं। माँ और चाची हैं। पोखरे की सफाई है। घाट बनाने की तैयारी है। गीत की अगली पंक्तियाँ इसी स्मृति को और आत्मीय बनाती हैं।
‘पोखरा के साफ कके छठ के बनावल, चार दिन पहले से सब के जगावल।’
छठ की तैयारी में पूरा घर जुटता है। कोई पोखरे की सफाई करता है। कोई घाट सँवारता है। कोई प्रसाद की तैयारी में लगा रहता है। घर की स्त्रियों की भागीदारी और बच्चों की चहल-पहल मिलकर पर्व का अपना संसार रचते हैं। इस नौजवान को उस संसार की याद आती है, जिसमें उसकी भी एक भूमिका थी। अब वह उससे दूर है। उसे ठेकुए की याद सताती है। यह ठेकुआ महज एक पकवान नहीं, घर के हाथों का स्वाद है। उसमें माँ के स्नेह और परिवार के साथ बिताए दिनों की स्मृति बसी है। ‘मनवा होखेला धतूरा’ कहकर गीतकार ने विरह की उस बेचैनी को लोकभाषा में व्यक्त किया है, जिसे सीधे-सीधे कह पाना कठिन है।
यहाँ एक बात विशेष रूप से ध्यान देने योग्य है। छठ के गीतों में घर से दूर रहने वाली स्त्रियों, परदेश गए पतियों और अपने प्रियजनों की प्रतीक्षा करती माताओं के विरह के अनेक प्रसंग मिलते हैं। इस गीत में उसी विरह की एक नई सामाजिक परिस्थिति सामने आती है। अब घर से दूर रहने वाला युवक है। उसकी प्रतीक्षा में कोई एक व्यक्ति नहीं, पूरा परिवार है और वह स्वयं भी अपने घर लौटने की प्रतीक्षा कर रहा है। इस तरह गीत छठ की पारंपरिक भावभूमि में समकालीन युवा जीवन का एक नया प्रसंग जोड़ता है।
ये भी पढ़ें-दुनिया के ए छठी माई सुनेलू हो, हमरो तू सुनी ल पुकार… (छठ गीतों का लोक संसार- 2)
इस आकुलता का एक सिरा भविष्य की उम्मीद से भी जुड़ता है। युवक जानता है कि उसकी घर वापसी का रास्ता किसी तरह की कामयाबी से होकर जाता है। वह नौकरी चाहता है। अपने परिवार की जिम्मेदारियाँ उठाना चाहता है। गीत की ये पंक्तियाँ इसी आकांक्षा को व्यक्त करती हैं।
‘का जाने कहिया रिजल्ट आपन आई,
नौकरी के खुशी में कोसिया भराई…’
परिणाम की प्रतीक्षा और नौकरी मिलने की कल्पना के बीच वह अपने आने वाले दिनों का एक दृश्य रचता है। नौकरी मिलेगी, तो कोसी भरी जाएगी। छठी मइया के प्रति कृतज्ञता प्रकट होगी। घर में फिर से उत्सव होगा। यह कल्पना उसके संघर्ष को सहने का संबल है। उसे भरोसा है कि एक दिन उसकी मेहनत रंग लाएगी। इसीलिए वह कहता है कि रोज किताब लेकर सपना देखता है। यहाँ पढ़ाई और आस्था एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। किताबों के बीच बैठा यह युवक अपनी मेहनत पर भरोसा रखता है। और छठी मइया से कृपा की याचना भी करता है। गीत का मुखड़ा इसी याचना को बार-बार हमारे सामने लाता है।
‘छठी माई रहिया दिखाई करीं सरधा के पूरा,
बन जाई हम कुछ लायक सपना रहे न अधूरा…’
इस गुहार में एक नौजवान की पूरी दुनिया समाई हुई है। वह माँ से कोई असाधारण वरदान नहीं माँग रहा। उसकी इच्छा है कि वह कुछ लायक बन जाए। अपने परिवार के काम आ सके। उसके सपने पूरे हों। ‘कुछ लायक’ होने की यह आकांक्षा बहुत मामूली लग सकती है। पर इसके भीतर परिवार के प्रति उत्तरदायित्व का भाव है। हमारे समाज में सरकारी नौकरी का सपना अक्सर व्यक्तिगत उपलब्धि से आगे बढ़कर पूरे परिवार की उम्मीद बन जाता है। एक युवक की सफलता से घर की आर्थिक स्थिति सुधरने की आशा जुड़ती है। माता-पिता की मेहनत का फल मिलने का भरोसा बनता है। इसीलिए उसकी परीक्षा का परिणाम घर के हर सदस्य के लिए प्रतीक्षा का विषय होता है।
ये भी पढ़ें-जिसे सबने दोषी माना, वह छठ माई के आगे आँचल पसारे खड़ी है (छठ गीतों का लोक संसार-1)
गीत के अंत में ‘रउरा सिवाय माई केहू नइखे अपना’ कहकर युवक अपनी अंतिम आस छठी मइया से जोड़ता है। यह लोकविश्वास का परिचित भाव है। जब मनई के सामने रास्ते सीमित पड़ने लगते हैं, तब वह अपनी आस्था के पास लौटता है। इस गीत में भी छठी मइया से की गई प्रार्थना किसी चमत्कार की माँग नहीं करती। वह मेहनत के फल की कामना करती है। युवक अपने हिस्से का परिश्रम कर रहा है। अब उसे उस दिन की प्रतीक्षा है, जब वह अपने घर लौटेगा। अपने लोगों के बीच खड़ा होगा और अपनी सफलता की खुशी उनके साथ बाँटेगा।
अतुल ने इस गीत में युवा मन की इसी नब्ज को पकड़ा है। उनकी रचना की खूबी यह है कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की जिंदगी को बाहर से देखकर उसका चित्र नहीं बनाते। वे उनकी छोटी-छोटी इच्छाओं और घरेलू स्मृतियों के सहारे उस मनःस्थिति तक पहुँचते हैं, जहाँ पढ़ाई का दबाव, भविष्य की चिंता और घर लौटने की ललक एक साथ मौजूद हैं। गीत की भाषा में लोक का सहजपन है। उसमें बनावटी करुणा नहीं है। बात अपने स्वाभाविक ढंग से आगे बढ़ती है। सुरभी कश्यप ने भी इस भाव को बड़ी सादगी से निभाया है। उनका स्वर गीत की संवेदना के अनुकूल है। उसमें अनावश्यक नाटकीयता नहीं आती। मधुरता और सहजता के साथ वे गीत के भाव को श्रोता तक पहुँचाती हैं।
इस गीत को सुनते हुए लगता है कि छठ के घाट तक पहुँचने के रास्ते, अब उन शहरों के छोटे-छोटे कमरों से भी होकर गुजरते हैं, जहाँ नौजवान अपने भविष्य की तैयारी कर रहे हैं। उनके लिए छठ का अर्थ घर लौटना है। माँ के हाथ का ठेकुआ खाना है। चाची के साथ घाट की तैयारी में जुटना है। परिवार के बीच कुछ दिन बिताना है। पर जब परिस्थितियाँ उन्हें रोक लेती हैं, तब वे छठी मइया से अपने लिए राह माँगते हैं। लोकगीतों की जीवंतता इसी में है कि वे समय के साथ मनुष्य के नये दुख-सुख को भी अपना लेते हैं। ‘छठी माई रहिया दिखाई’ में एक ऐसे ही समय की धड़कन दर्ज है। इस गीत में घर लौटने की इच्छा है। अपनी मेहनत को सार्थक करने का सपना है। माँ से की गई एक भोली-सी विनती भी।




