डॉ. देवेन्द्र
छठ गीतों का लोक संसार- 1
‘कोसिया भरब एही बेर…’छठ गीत विशेष: अंकिता पंडित के स्वर और सुशांत शर्मा के शब्दों में कैकेयी का वह दुख, रामकथा में जिस पीड़ा को कभी स्वर नहीं मिला…
कातिक की भोर। घाट की सीढ़ियों पर ठंडी हवा और भीगी माटी की गंध। सूप में ठेकुआ, केले का घौद और हल्दी लगी अदरक की गाँठ। गन्ने के मंडप के नीचे सजी कोसी। और उसके भीतर जलते दीये की लौ हवा से बार-बार झुकती और फिर उठ खड़ी होती थी। छठ की बात चलती है, तो मन इसी दृश्य पर ठहरता है। यहाँ न पुरोहित है, न मंत्र, न पोथी। ऊपर बस वह ‘आदित्यमल’ हैं, सृष्टि के आधार। जिन्हें सब देख सकते हैं। और नीचे वह जल जिसमें खड़े होकर स्त्रियाँ अपने भीतर की गठरी खोलती हैं। इसी घाट पर लोकगायिका अंकिता पंडित का स्वर सुनाई देता है। और गीत में खड़ी हैं, कैकेयी।
कैकेयी : लोक की नजर में एक उपेक्षित स्त्री
कैकेयी को हमारी परंपरा ने बहुत सहज ढंग से दोषी मान लिया है। रामकथा में उनके हिस्से मंथरा की संगत आई। अपने ही पुत्र भरत की झिड़की भी। और दशरथ के प्राण जाने का लांछन आया। लोक ने भी लंबे समय तक उन्हें, अपने गीतों के आँगन से बाहर ही रखा। यहाँ तक की आज भी लोक में किसी बेटी का नाम कैकेयी नहीं रखा जाता है। पर, युवा व संभावनाशील गीतकार सुशांत शर्मा ने वहीं जाकर पीढ़ा बिछाया है, जहाँ कोई बैठने नहीं जाता। रामराज्य के उत्सव में सारी अयोध्या दीप सँवार रही है। पर एक महल के भीतर वह स्त्री बैठी है जिसकी आँख से लोर रुक नहीं रहा। भीड़ बाहर है। भीतर अकेलापन है। गीत की पहली ही पंक्ति में यह दूरी खुल जाती है।
इस गीत में कैकेयी अपनी सफाई नहीं देती। वह किसी पर दोष भी नहीं डालतीं। और मंथरा का नाम तक नहीं लेतीं। वह अपने ही माथे पर कुमति की मुहर लगाती हैं। कहती हैं कि ऐसे पूत को वन भेजने की बुद्धि मुझे कैसे हुई? फिर विधाता से मृत्यु तक माँगती हैं। और वह भी नहीं मिलती। लोक की दृष्टि यहीं सबसे साफ दिखती है। वह पाप को कम नहीं आँकता, पर पापी की पीड़ा को भी अनसुना नहीं करता। जो अपने किए पर रो सके, उसके लिए लोक के पास आँचल की छोर हमेशा बची रहती है।
राम के मुँह से ‘माई’ सुनने की आस
और माँग क्या है इस स्त्री की? राज नहीं, क्षमा का प्रमाणपत्र नहीं, इतिहास में नाम की सफाई भी नहीं। उसे बस एक बोल चाहिए। राम उसे एक बार माई कह दें। यह टेक सुनकर मन में अपनी माँ का चेहरा उभरता है, जो थाली परोसकर बैठी रहती थी और हमारे मुँह से सीधा संबोधन सुनने को तरसती थी। ममता का सारा अर्थशास्त्र इसी एक शब्द पर टिका है। कैकेयी जानती हैं कि राम के हृदय में कटुता नहीं है, फिर भी उनका अपना मन उन्हें चैन नहीं लेने देता। ग्लानि सामने वाले के क्षमा कर देने से नहीं गलती, उसे अपनी आँख से ही सूखना पड़ता है।
ये भी पढ़ें-‘बाढ़ में बिहार, छठी मइया खेवनहार’, बाढ़ की त्रासदी के बीच आस्था और उम्मीद की आवाज
तब वह छठ माई के आगे आँचल पसारती हैं। भोजपुरी लोक में आँचल पसारना याचना की सबसे विनम्र मुद्रा है। मनौती भी कितनी छोटी है, बस कोसी भर देने की।समय का चक्र देखिए। काल की गति भी। जिसने ‘राज मुकुट’ माँगा था, वह अब माटी के हाथी और गन्ने की छाँह माँग रही हैं। रानी का पद पीछे रह गया है और स्त्री का मन आगे आ गया है।
अंकिता की गायकी में कैकेयी की पीड़ा
अंकिता की गायकी इसी बिंदु पर अपना काम करती है। छठ के गीतों की धुन में कातरता पहले से बसी होती है। पर उसे निभाना कठिन होता है, क्योंकि जरा ऊँचा चढ़ा तो विलाप हो गया और जरा ढीला पड़ा, तो बनावट। अंकिता ने स्वर को न खींचा, न सजाया। गले में कहीं कोई कारीगरी नहीं दिखती। वह वैसे गाती हैं जैसे कोई स्त्री आँगन लीपते हुए अपने आप से बतियाती है। कर्णप्रिय मिठास पीड़ा को हल्का नहीं करती, उसे सुनने लायक बनाती है।
फिर गीत का मोड़ आता है। और वह कितनी जल्दी आता है। राम सामने खड़े हैं। हिया उमड़ता है। माई-माई की पुकार होती है। और कैकेयी के भाग्य को धन्य कहा जाता है। यहाँ गीतकार ने कोई ठहराव नहीं रचा, कोई विस्तार नहीं किया। जिस सुख की इतनी प्रतीक्षा थी, उसे वह दो पंक्तियों में समेट देता है। मुझे यह संयम बहुत भाया। लोक का व्यवहार भी ऐसा ही है। आशीष मिलते ही वह उसकी व्याख्या में नहीं उलझता, काम में जुट जाता है।
मनौती से कृतज्ञता तक : छठ परंपरा का सार
और गीत का अंत देखिए। कैकेयी रोती नहीं, हँसती भी नहीं, वह उँखिया का मंडप तनवाने लगती हैं। सुबह-शाम सेवा की बात करती हैं। मनौती पूरी हुई, तो अब कोसी भरनी है। कृतज्ञता यहाँ शब्दों में नहीं, श्रम में उतरती है। और पूरी छठ-परंपरा का सार भी यही है। इस पर्व में माँगना सरल है। चुकाना कठिन। और चुकाने का ढंग हाथों की मेहनत है।
गीत खत्म होता है, पर घाट की वह भोर मन में बनी रहती है। मंडप के नीचे जलते दीये की। लौ हवा से झुकती है। फिर सीधा हो जाती है। कैकेयी का दुख भी शायद ऐसा ही था, झुका हुआ। पर बुझा नहीं।
अंकिता पंडित के परिचय
गोरखपुर की माटी में पली-बढ़ी लोकगायिका अंकिता पंडित भोजपुरी की एक प्रयोगधर्मी आवाज़ हैं। परंपरागत लोकधुनों में आधुनिक संवेदना का समावेश करते हुए वे उन अनछुए विषयों को भी स्वर देती हैं, जिन्हें समाज अक्सर अनसुना कर देता है। उनकी गायकी महज गीतों की प्रस्तुति नहीं, बल्कि भोजपुरी माटी की मौलिक, सजग और साहसिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने भोजपुरी विषय में मास्टर डिग्री गोल्ड मेडल के साथ हासिल की है।





[…] ये भी पढ़ें-जिसे सबने दोषी माना, वह छठ मा… […]