परुआ : पुरबिया कृषि संस्कृति का ऋणबोध

0

डॉ. देवेन्द्र

कार्तिक की अमावस बीत गई है। दीपावली के बाद की सुबह है। रात के पटाखे थम चुके हैं। हवा में अब भी बारूद की गंध है। रातभर की आतिशबाजी से घरों के पालतू पशु और चिरई-चुरुंग कितने सहमे होंगे, यह गाँव का संवेदनशील मनई समझ सकता है। भोर में माई उठ गई हैं। आँगन बुहारने और दलिद्दर खेदने के बाद अब घारी की ओर गई हैं। पूरब में लालिमा उभर रही है। गइया रँभा रही है। बछिया अपनी माँ के पास जाने के लिए पगहा ताने हुए है। बैल नाद के पास खड़े हैं। आज माई को इनके लिए कुछ खास करना है। पगहे बदले जाएँगे। नाद साफ होगा। सिर पर कड़ुआ तेल मला जाएगा। माथे पर सिंदूर का टीका लगेगा। सींगों पर गेर चढ़ेगा। गले में नई घंटियाँ पड़ेंगी। खाने के लिए गुड़, रसियाव और दलही पूड़ी मिलेगी। आज परुआ है। हमारे भोजपुरी अंचल का नया साल।

हमारे यहाँ नए साल का पहला दिन कुछ इस तरह शुरू होता है। घर के लोगों के साथ घारी और बथान की भी सुधि ली जाती है। जिन पशुओं के श्रम से साल भर खेतों में अन्न उपजता है और घर-गृहस्थी चलती है, उनके हिस्से भी आज का उत्सव आता है। उन्हें काम से छुट्टी मिलती है। मनुष्य अपने इन मूक सहकारियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करता है। परुआ की इस छोटी-सी रस्म में पुरबिया कृषि संस्कृति का एक बड़ा जीवनबोध छिपा है।

पशुधन के प्रति आत्मीयता और कृतज्ञता का पर्व

गंगा, सरयू, गंडक और राप्ती से सिंचित यह भूभाग सदियों से खेती-किसानी की संस्कृति का संवाहक रहा है। यहाँ खेती आजीविका का साधन भर नहीं, बल्कि जीवन की पूरी व्यवस्था थी। खेत, खलिहान, घर, परिवार, मौसम, मेले और त्योहार, सबकी अपनी जगह थी। इस व्यवस्था में पशुधन का महत्त्व मनुष्य के जीवन से अलग करके नहीं देखा जा सकता था। गाय दूध देती थी। बैल खेत जोतते थे। भैंस परिवार की जरूरतें पूरी करती थी और गोबर खेतों की उर्वरता बढ़ाता था। पशु किसान की संपत्ति जरूर थे, पर उनके साथ उसका संबंध मालिक और संपत्ति का नहीं था। उनके नाम होते थे। उनकी आदतें पहचानी जाती थीं। उनके बीमार पड़ने पर घर के लोगों की चिंता बढ़ जाती थी। वे गृहस्थी के सदस्य थे।

परुआ इसी आत्मीय संबंध का सालाना उत्सव है। इस दिन पशुओं के पगहे बदले जाते हैं। नाद साफ होता है। घारी, गौशाला और बथान में चूना छींटा जाता है। उनके सिर पर तेल, माथे पर सिंदूर और सींगों पर गेर सजता है। गले में नई घंटियाँ और घुँघरुओं की माला पड़ती है। गुड़, रसियाव और दलही पूड़ी खिलाकर उन्हें दिन भर के लिए काम से छुट्टी दे दी जाती है। किसान इस दिन अपने श्रम के साझेदारों के प्रति आभार प्रकट करता है। जिनके श्रम से अन्न उपजता है, उनके हिस्से भी एक दिन का उत्सव और विश्राम होना चाहिए। यह खेती के लंबे अनुभव से उपजा लोकविवेक है।

परुआ के दिन पुरबिया अंचल में खेती-किसानी का कोई काम नहीं होता। हल-बैल विश्राम करते हैं और घर के लोग भी रोजमर्रा के काम से छुट्टी लेते हैं। इस पर्व में श्रम के साथ विश्राम की भी एक मर्यादा तय की गई है। धरती से अन्न लेने वाला किसान जानता था कि पशुओं से काम लेने की भी एक सीमा है। उनके श्रम का मान करना और उन्हें विश्राम देना उसकी जिम्मेदारी है। संभव है, परुआ के नाम में भी इस विश्राम का कोई लोकसंबंध हो। पुरबिया बोली में पड़े रहने का भाव आराम करने से जुड़ता है।

बदलती खेती और परंपरा का नया स्वरूप

समय ने खेती का चेहरा बदल दिया है। जिन खेतों में कभी बैलों की जोड़ी हल खींचती थी, वहाँ अब ट्रैक्टर चलते हैं। बैलगाड़ियाँ विरल हो गई हैं। घारी और बथान में पशुओं की संख्या घट रही है। नई पीढ़ी के बहुत-से बच्चों ने बैलों को खेत जोतते हुए देखा तक नहीं होगा। ऐसे में परुआ का पुराना स्वरूप भी बदल रहा है। जिन घरों में बैल नहीं हैं, वहाँ ट्रैक्टर और ट्रॉली को धो-पोंछकर टीका लगाया जाता है, फूल-माला पहनाई जाती है और त्योहार की रस्म पूरी होती है।

यह दृश्य अपने भीतर एक सवाल भी रखता है। किसान ट्रैक्टर को क्यों पूजता है? इसलिए कि आज वही उसकी खेती का प्रमुख सहायक है। जुताई, बुआई और ढुलाई में उसका योगदान है। उसके प्रति सम्मान व्यक्त करना समय की जरूरत के अनुरूप है। पर क्या परंपरा का अर्थ उसके बाहरी विधान को बचाए रखना भर है? बैलों के चले जाने के साथ क्या परुआ का मूल भाव भी चला जाएगा? क्या ट्रैक्टर को टीका लगा देने से पशुओं के प्रति कृतज्ञता का पुराना संस्कार बचा रह सकता है?

इसका उत्तर मशीन और जीवित पशु के बीच का अंतर समझने में है। मशीन काम करती है। पशु जीवन जीते हैं। मशीन की देखभाल उसके उपयोग के लिए होती है, जबकि पशु की देखभाल उसके जीवन के लिए भी जरूरी है। बैल बूढ़ा हो जाए और खेत जोतने लायक न रहे, तो क्या उसके प्रति किसान का दायित्व समाप्त हो जाता है? जिस पशु ने वर्षों गृहस्थी का भार उठाया, उसके जीवन के अंतिम दिनों में उसे सहारा देना भी उसी ऋण का हिस्सा है। परुआ का कृतज्ञता भाव इसी जिम्मेदारी की याद दिलाता है।

कृषि संस्कृति का जीवनबोध और मनुष्य का दायित्व

इस पर्व की सांस्कृतिक महत्ता इसी में है कि यह मनुष्य को अपने जीवन की परस्पर निर्भरता का बोध कराता है। खेत पशुओं को चारा देते थे और पशु अपने गोबर से खेतों को खाद। घर की बची हुई सामग्री भी उनके हिस्से आती थी। गाँव की अर्थव्यवस्था में यह एक ऐसा चक्र था, जिसमें मनुष्य, पशु और धरती एक-दूसरे के पूरक थे। आधुनिक खेती ने इस व्यवस्था के कई सूत्र बदल दिए हैं। पर उससे निकला विवेक आज भी प्रासंगिक है।

दीपावली की रात पटाखों से सहमे पशुओं और चिरई-चुरुंग की चिंता से शुरू हुई यह सुबह अंततः मनुष्य के दायित्व का प्रश्न उठाती है। अपनी सुविधा के लिए उसने दूसरे जीवों के जीवन में जितना हस्तक्षेप बढ़ाया है, क्या उनके प्रति अपनी जिम्मेदारी भी उतनी ही निभाई है? परुआ इस प्रश्न का उत्तर किसी उपदेश से नहीं देता। पशु के माथे पर सिंदूर लगाना, उसे मीठा खिलाना और एक दिन काम से छुट्टी देना, ये छोटी-छोटी क्रियाएँ उस बड़े संस्कार की अभिव्यक्ति हैं, जिसे हम कृतज्ञता कहते हैं।

परुआ, परंपरा से आगे कृतज्ञता का संस्कार

परंपरा का जीवन उसके बाहरी विधान में नहीं, उसके भीतर बसे विवेक में होता है। बैलों की जगह ट्रैक्टर आ गए हैं, तो उन्हें टीका लगाने में कोई बुराई नहीं। खेती के औजार बदलेंगे, काम करने के ढंग बदलेंगे, त्योहारों की रस्में भी बदलेंगी। पर इस बदलाव में उन पशुओं के प्रति अपना दायित्व भुला देना ठीक नहीं, जिनके श्रम ने हमारी कृषि सभ्यता को सँवारा है। उनके लिए चारा, पानी, उपचार और सम्मान की व्यवस्था भी परुआ के संस्कार में शामिल होनी चाहिए।

अब लौटकर उसी भोर को देखिए। माई घारी में हैं। गइया के माथे पर सिंदूर का टीका है। गले में नई घंटी पड़ गई है। बछिया अपनी माँ के पास खड़ी है। बाहर पूरब का आकाश पूरी तरह लाल हो आया है। दिन चढ़ेगा, घर में पकवान बनेंगे, लोग एक-दूसरे को नए साल की बधाई देंगे। पर इस नए साल की शुरुआत जिनके माथे पर टीका लगाकर हुई है, उन्हें भूलकर यह उत्सव पूरा कैसे होगा? परुआ हमें हर साल इसी ऋण की याद दिलाता है। यह ऋण रुपये-पैसे से चुकने वाला नहीं, अपने व्यवहार से निभाने वाला है। माई के हाथों से पशुओं के माथे पर लगा सिंदूर इसी कृतज्ञता का चिह्न है। साल बदलता रहे, खेती के तौर-तरीके बदलते रहें, पर यह भाव बना रहे। परुआ मनाने का असली अर्थ भी यही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here