बरेली। भोजपुरी संगीत का जादू अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विदेशों तक अपनी धूम मचा रहा है। इसका ताजा उदाहरण शनिवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रबंधन विभाग में आयोजित फेयरवेल पार्टी में देखने को मिला, जहां एक नाइजीरियन छात्र ने लोकप्रिय भोजपुरी गीत ‘जिला टॉप लागेलु’ पर शानदार डांस कर सबका दिल जीत लिया।
सीनियर विद्यार्थियों के विदाई समारोह में जूनियर छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसी दौरान विश्वविद्यालय में अध्ययनरत नाइजीरियन छात्र जैसे ही स्टेज पर पहुंचा और भोजपुरी गाने पर थिरकना शुरू किया, पूरा हाल तालियों और हूटिंग से गूंज उठा। छात्र गाने के बोल भी दोहराता नजर आया, जिसे देखकर वहां मौजूद विद्यार्थी और शिक्षक हैरान रह गए।
यहां देखें भोजपुरी गाने पर झूमा नाइजीरियन छात्र, ‘जिला टॉप लागेलु’
फेयरवेल पार्टी में भोजपुरी गाने पर थिरका नाईजीरियन छात्र pic.twitter.com/gpWRRHGGkI
— anshul saxena (@rudrasaxena) May 18, 2026
विदेशी छात्र का यह भोजपुरी प्रेम समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण बन गया। कार्यक्रम में मौजूद छात्र भी उसके साथ झूमते और कदमताल करते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर भी इस डांस का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग भोजपुरी संगीत की वैश्विक लोकप्रियता की चर्चा कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- भोजपुरी के शब्द बोलकर वोट लेने वाले क्यों नहीं लड़ते भोजपुरी की लड़ाई ?
गौरतलब है कि कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह के प्रयासों से दिसंबर 2024 में रुहेलखंड विश्वविद्यालय और नाइजीरिया सरकार के बीच एक एमओयू हुआ था। इसके बाद नाइजीरिया के 21 छात्र यहां अध्ययन के लिए आए। अब विदेशी छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिल रही है।
भोजपुरी संगीत और संस्कृति के प्रति विदेशी छात्रों का यह जुड़ाव इस बात का संकेत है कि भोजपुरी अब वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रही है।

