डॉ. देवेन्द्र
छठ गीतों का लोक–संसार-9
छठ आते ही गाँव की याद कुछ अधिक सताने लगती है। लगता है, जैसे गाँव में कोई अपना बुला रहा हो। गंगा के घाट पर पानी चढ़ रहा हो। घर के आँगन में सूप सज रहा हो। तुलसी चौरे के पास दीया रखा जा रहा हो। माई के हाथों में प्रसाद की तैयारी हो और बाबूजी घाट जाने की राह देख रहे हों। परदेस में बैठा आदमी इन दृश्यों को अपनी आँखों से नहीं देखता, फिर भी उसके भीतर गाँव का पूरा संसार अपने ढंग से बसा रहता है। नीलोत्पल मृणाल का छठ गीत ‘घर से छुटल छठ’ इसी बसे हुए संसार की कथा कहता है। यह गीत उस आदमी का दुख है, जिसके गाँव में गंगा बह रही है, छठी मइया का घाट सजा है। पर उसके हिस्से में परदेस की दूरी आई है। वह छठ के पास होकर भी छठ से दूर है।
ये भी पढ़ें- हियरा के बतिया और छठी मइया से सपनों की अरज (छठ गीतों का लोक संसार-8)
गीत की पहली पंक्तियों में ही यह दूरी एक विचित्र विडंबना बनकर सामने आती है।
‘गाँवे बाटे गंगा जी के लहर
डूबकी लगवते जाइबऽ तरऽ
छठी मइया के पूजबऽ घाटे परऽ
डूबकी लगवते जाइब तरऽ’
गंगा गाँव में है। घाट भी है। डुबकी लगाने की इच्छा भी है। मन बार–बार गाँव की ओर जाता है, जैसे देह को भी वहीं पहुँचा देगा। लेकिन मन की यात्रा और देह की यात्रा एक नहीं होती। परदेस में बैठा आदमी अपनी स्मृति के सहारे गंगा तक तो पहुँच सकता है, उसके पानी में उतर नहीं सकता। गीत में ‘जइबऽ’ की पुनरावृत्ति इसी आकांक्षा को स्वर देती है। यह भविष्य की ओर बढ़ता हुआ एक ऐसा वाक्य है, जिसके पूरा होने का भरोसा परिस्थितियों ने छीन लिया है। आदमी कहता है कि जाऊँगा। पर उसे यह भी मालूम है कि जाना उसके वश में नहीं है। इसीलिए गीत का आरंभ किसी उत्सव की तैयारी से नहीं, घर लौटने की अधूरी इच्छा से होता है।
ये भी पढ़ें- चिरई खातिर आकाश, मांग में सेनुर और छठी मइया से नेह का निहोरा (छठ गीतों का लोक संसार-7)
गाँव से दूर रहने वाले आदमी के लिए छठ की स्मृति किसी एक पर्व की स्मृति नहीं होती। उसमें घर के लोग हैं। पुरखों की सहेजी हुई जमीन है। नदी है। खेत हैं। आँगन है और उन सबको जोड़ने वाली एक पारिवारिक दिनचर्या है। छठ आने पर ये सारी स्मृतियाँ एक साथ लौटती हैं। नीलोत्पल इस लौटने को बहुत सहज ढंग से पकड़ते हैं,
‘नदिया के पनिया में छलकत धार नइखे
हँसे–खेले–बोले वाला, संग परिवार नइखे
घरवा के जोड़े वाला, घर में आधार नइखे
बाबू नइखन, माई नइखे, उनकर दुलार नइखे’
यहाँ नदी का पानी अपनी जगह है। पर उसमें अठखेलियाँ करती हुई वह पुरानी धार नहीं है। कारण नदी में पानी की कमी नहीं, अपने लोगों की अनुपस्थिति है। नदी का वही पानी परदेस में बैठे आदमी को गाँव की याद दिलाता है। पर उस याद में परिवार के बिना सब कुछ अधूरा है। यह कहने की बात नहीं है कि घर की पहचान उसकी दीवारों से नहीं बनती। उसे घर बनाने वाले लोग होते हैं। बाबूजी की उपस्थिति, माई का दुलार, भाई–बहनों की हँसी और आँगन में सबका एक साथ होना। इनके बिना घर का पता, तो रह जाता है, घर का सुख नहीं रह जाता। छठ का अवसर इस अभाव को और तीखा कर देता है। क्योंकि यह पर्व परिवार के एकत्र होने की परंपरा से जुड़ा है।
ये भी पढ़ें-ठिठुरते पाँव, मन में आस और छठ मइया से अरज (छठ गीतों का लोक संसार-6)
इस गीत की मार्मिक विशेषता यह भी है कि इसमें परदेस में रहने वाले व्यक्ति की व्यथा के साथ गाँव में छूट गए माता–पिता की दशा भी आती है। प्रायः पलायन की चर्चा में हम उस व्यक्ति को देखते हैं, जो रोजी–रोटी की तलाश में अपना घर छोड़ता है। उसके संघर्ष, उसकी कठिनाइयाँ और उसकी विवशताएँ हमारे सामने रहती हैं। पर उसके जाने के बाद घर में रह गए लोगों के हिस्से जो जीवन आता है। वह भी कम पीड़ादायक नहीं होता। गीत इस ओर हमारा ध्यान ले जाता है।
‘अंगना में तुलसी के चौरा उदास बाटे,
दुगो रोटी–दाल खातिर लोग बनवास काटे
माई तोरा अँखिया त, गाँवे बरसात काटे,
बाबूजी के मन बइठल, खटिया पर रात काटे’
इन पंक्तियों में तुलसी का चौरा घर की उदासी का संकेत बन जाता है। तुलसी तो आँगन में अब भी है। पर उसके आसपास पहले जैसी चहल–पहल कहाँ! दो जून की रोटी के लिए घर का कोई सदस्य परदेस गया है। यह जाना किसी सैर या बेहतर जीवन की सहज चाह में नहीं हुआ। इसके पीछे रोजी–रोटी का सवाल है। ‘बनवास’ शब्द इसी विवशता को अपने भीतर समेटता है। राम का वनवास राजाज्ञा से था। यहाँ का वनवास पेट की जरूरत ने दिया है। वहाँ चौदह वर्ष की अवधि थी, यहाँ लौटने की कोई निश्चित तिथि नहीं। माई की आँखों में गाँव की बरसात उतरती है और बाबूजी रात खटिया पर काटते हैं। बेटे की प्रतीक्षा में बीतती रात का यह चित्र बहुत कुछ कह जाता है। घर के बूढ़े माता–पिता अपने बच्चों के लौटने की राह देखते–देखते उम्र के उस पड़ाव पर पहुँच जाते हैं, जहाँ प्रतीक्षा भी रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बन जाती है।
ये भी पढ़ें- छठी मइया राह दिखाईं, घर की बाट जोहता परदेसिया मन (छठ गीतों का लोक संसार-5)
छठ के गीतों में माँ की ममता और संतान की मंगलकामना के अनेक रूप मिलते हैं। इस गीत में उस संबंध का एक दूसरा पक्ष खुलता है। यहाँ बेटा अपनी माँ के लिए कुछ कर पाने की स्थिति में नहीं है। वह माँ की आँखों की बरसात को जानता है। पिता की अकेली रातों को महसूस करता है। पर, उनके पास पहुँच नहीं पाता। परदेस की कमाई घर का खर्च, तो चला सकती है। घर के लोगों के बीच की दूरी नहीं मिटा सकती।
ये भी पढ़ें- माई बिनु छठ और लोर का अर्घ्य…(छठ गीतों का लोक संसार- 4)
यह हमारे समय की एक बड़ी सामाजिक विडंबना है। गाँव का श्रम शहरों की इमारतें खड़ी करता है, कारखानों को चलाता है और महानगरों के जीवन को गति देता है। उसी श्रम के पीछे एक ऐसा घर छूट जाता है, जहाँ बूढ़े माता–पिता अपने बच्चों के लौटने की बाट जोहते हैं। गीत का अगला अंतरा इस विस्थापन को जमीन से जोड़ता है,
‘छोड़ के जमीन बबुआ आ गइलऽ छत में,
घटवा के रस्ता भी भुला गइलऽ छठ में
लउके ना आदित बाबा उगे के बखत में,
गंगाजी समइहें कइसे बोलऽ कठवत में
छठी माई के अमृत के करऽ ना ज़हर…’
यहाँ जमीन छोड़कर छत पर आ जाने का बिंब बहुत अर्थवान है। अपनी जमीन से कटकर आदमी शहर की गगनचुंबी छतों, टीन शेड या फिर ‘बरसाती’ के नीचे रहने लगा है। उसके पास रहने के लिए जगह है। मगर उस जगह में गाँव वाली पहचान कहाँ! खेत, मेड़, पगडंडी और नदी से बना उसका पुराना भूगोल पीछे छूट गया है। ‘घटवा के रास्ता’ भूल जाने की बात में भी एक सांस्कृतिक विस्मृति का संकेत है। गाँव के रास्ते सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह तक नहीं जाते। वे पीढ़ियों के अनुभव, रिश्तों और लोक व्यवहार से होकर गुजरते हैं। छठ के अवसर पर उन रास्तों को याद करना अपने पुरनिया लोक व्यावहार को याद करना है। ‘लउके ना आदित बाबा उगे के बखत में’ में सूर्य के उगने की प्रतीक्षा के साथ एक और अभाव जुड़ जाता है।
ये भी पढ़ें- बीमार माँ, व्याकुल बेटी और ‘उगी हे सुरुज देव’ की आस (छठ गीतों का लोक संसार- 3)
छठ में उगते सूर्य को अर्घ्य देना संकल्प की पूर्णता का क्षण है। उस क्षण तक पहुँचने के लिए घाट पर परिवार का होना, नदी का होना और अपने लोगों के बीच खड़ा होना भी जरूरी लगता है। परदेस में बैठा व्यक्ति सोचता है कि मन में भाव–गंगा उमग रही हैं, वह ‘कठवत’ में कैसे समायेंगी? उसके सामने नदी नहीं, स्मृति है। छठ की विधि का दृश्य है। पर उसमें सहभागी होने का सुख नहीं। ‘छठी माई के अमृत के करऽ ना ज़हर’ की विनती में इसी विरह की कसक है। जो पर्व उसके लिए जीवन और मंगल का अवसर रहा है, वही घर से दूर होने के कारण पीड़ा का कारण बन गया है।गीत के अंतिम हिस्से में यह निजी विरह एक व्यापक लोकमंगल की कामना में बदल जाता है।
‘छठी मइया आशीष तोहार, घर परिवार, गउवाँ–दुआर
मकई–ज्वार, पुरबी बयार, नदिया के घाट, गंगा जी के धार
सरसों के फूल, गेहूँ के बाल, कांच के चूड़ी, सेनुरा शृंगार,
मडुआ के रोटी, आम के अचार, सब पर किरपा तोहार…’
यहाँ आशीर्वाद की परिधि घर की चौखट पर समाप्त नहीं होती। उसमें गाँव–दुआर है। खेत हैं। फसलें हैं। पुरबी बयार है। नदी है और घर–गृहस्थी के छोटे–छोटे सुख हैं। मकई–ज्वार से लेकर मड़ुआ की रोटी तक, सरसों के फूल से लेकर गेहूँ की बालियों तक, गीत अपने लोक का पूरा परिचय सामने रख देता है। यह उस जीवन की सूची नहीं, उस जीवन के प्रति कृतज्ञता है, जिसे छोड़कर आदमी परदेस आया है। काँच की चूड़ी और सेनुरा के शृंगार में गृहस्थ जीवन की छवि है। आम के अचार में घर के स्वाद की स्मृति है। इन वस्तुओं के नाम लेते हुए गीतकार मानो अपने गाँव की मिट्टी को एक–एक करके छू रहा है। वह छठी मइया से अपने परिवार के साथ–साथ उस समूचे लोक की कुशलता माँगता है, जिसमें उसका बचपन बीता है और जिसके सहारे उसकी पहचान बनी है।
ये भी पढ़ें-दुनिया के ए छठी माई सुनेलू हो, हमरो तू सुनी ल पुकार… (छठ गीतों का लोक संसार- 2)
इस गीत को सुनते हुए लगता है कि पलायन की सबसे बड़ी कीमत आदमी की कमाई से नहीं आँकी जा सकती। उसका हिसाब उन अवसरों से भी लगाया जाना चाहिए, जब वह अपने लोगों के बीच उपस्थित नहीं हो पाता। बच्चे बड़े होते हैं। माता–पिता बूढ़े होते हैं। आँगन में ऋतुएँ आती–जाती हैं और पर्व अपनी तिथियों पर लौटते रहते हैं। आदमी दूर किसी शहर में अपनी जिम्मेदारियाँ निभाता रहता है। उसके पास घर भेजने के लिए पैसे हो सकते हैं। पर माई के हाथ का प्रसाद खाने के लिए उसका पहुँचना जरूरी है। बाबूजी के पास बैठकर दो बातें करने के लिए कोई दूसरा उपाय नहीं है। यही वह अभाव है जिसे ‘घर से छुटल छठ’ अपने गीत में सँजोता है।
ये भी पढ़ें-जिसे सबने दोषी माना, वह छठ माई के आगे आँचल पसारे खड़ी है (छठ गीतों का लोक संसार-1)
छठ हर साल आता है। गंगा सदियों से बह रही हैं। घाट पर फिर सूप सजते हैं। फिर अर्घ्य दिया जाता है। मगर हर बार घर के सभी लोग लौट आएँ, यह जरूरी नहीं। कुछ लोग रेलगाड़ियों की भीड़ में टिकट खोजते रह जाते हैं। कुछ छुट्टी न मिलने की विवशता में अपने काम पर लगे रहते हैं। कुछ के पास लौटने का किराया तक नहीं होता। उनके लिए छठ का समय अपने गाँव को मन में बसाकर काटने का समय है। नीलोत्पल मृणाल का यह गीत उन्हीं लोगों की ओर से एक मार्मिक अरज है। इसमें गंगा तक पहुँचने की चाह है। माता–पिता के पास लौटने की छटपटाहट है और उस गाँव के लिए मंगलकामना है, जिससे दूर होकर भी आदमी अपना नाता नहीं तोड़ पाता। सच तो यह है कि परदेस में रहने वाला आदमी जब छठी मइया से अपने गाँव–दुआर की कुशलता माँगता है, तब उसकी प्रार्थना में अपना पूरा छूटा हुआ जीवन शामिल होता है। गंगा की लहरें गाँव में उमगती रहती हैं और उनका एक सिरा परदेस में बैठे उस आदमी के मन तक आता रहता है।




