हियरा के बतिया और छठी मइया से सपनों की अरज

0

– डॉ. देवेन्द्र

छठ गीतों का लोक संसार-8

छठ के गीतों में मनुष्य अपने मन की बात कहने के लिए बड़े-बड़े शब्द नहीं खोजता। उसके पास एक दउरा होता है, उसमें सजे कुछ फल-फूल होते हैं और मन में संजोयी कुछ ऐसी कामनाएँ, जिन्हें वह अपनी आराध्या के सामने धर देना चाहता है। इन कामनाओं में घर-परिवार का सुख है, बच्चों की सलामती है, आने वाले दिनों की उम्मीद है और जीवन की उन कठिनाइयों से उबरने की चाह भी है, जिनसे जूझते हुए आदमी कई बार थकने लगता है। सोन किशोर का लिखा छठ गीत इसी मनःस्थिति से उपजा जान पड़ता है। ‘हियरा के बतिया तू सुनिह ए माई’ गीत की पहली पंक्ति से ही एक आत्मीय संवाद रचता है। आदर्श आदि और स्निग्धा सरकार के स्वरों में सजा यह गीत ‘दियरखा’ यूट्यूब चैनल पर आया है। हर दिन छठ के सैकड़ों गीतों के बीच इसकी अलग पहचान इसके भाव और गायकी से बनती है।

ये भी पढ़ें- चिरई खातिर आकाश, मांग में सेनुर और छठी मइया से नेह का निहोरा (छठ गीतों का लोक संसार-7)

गीत की शुरुआत में व्रती छठी मइया से अपने हृदय की बात सुनने का आग्रह करता है। वह कहता है, ‘सउंसे जगतिया के तुही खेवइया, हमरो सपनवा पुरइह ए माई।’ इस छोटी-सी विनती में लोकविश्वास का एक बड़ा संसार समाया है। छठी मइया उसके लिए समूचे जगत की नैया पार लगाने वाली हैं। ऐसे में अपनी छोटी-सी जीवन-नैया के लिए उनसे उम्मीद रखना स्वाभाविक है। लोकजीवन का यह विश्वास बड़ा सहज है। मनुष्य अपने दुख-सुख को अपनी आराध्या से अलग करके नहीं देखता। संसार की चिंता और अपने घर की चिंता उसके लिए एक ही भावभूमि के दो छोर हैं। इसीलिए वह पहले जगत की खेवइया को पुकारता है और फिर अपने सपनों की बात कहता है। उसकी प्रार्थना में निजी आकांक्षा है, मगर उस आकांक्षा का स्वर किसी संकुचित स्वार्थ से नहीं बना।

ये भी पढ़ें-ठिठुरते पाँव, मन में आस और छठ मइया से अरज (छठ गीतों का लोक संसार-6)

दउरा में सजी श्रद्धा और समर्पण की भावना

‘तोहरा चरनिया से नेहिया लगा के, दउरा उठाई अइनी सरधा सजा के।’ यहां दउरा पूजा की सामग्री रखने का साधन भर नहीं रह जाता। वह श्रद्धा और समर्पण का वहन करने लगता है। व्रती अपने हाथों में दउरा उठाता है तो उसके साथ घर-परिवार की कितनी ही इच्छाएँ घाट तक चली आती हैं। इस दृश्य में छठ की घरेलू तैयारी और आध्यात्मिक भाव एक-दूसरे से सहज रूप में जुड़े हुए हैं। दउरा सजाने में हाथ लगे हैं, मगर मन अपनी आराध्या के चरणों में लगा है। लोकगीत की खूबी यही है कि वह साधारण घरेलू क्रिया में भी मनुष्य के भीतर चल रही भावनाओं को पहचान लेता है।

ये भी पढ़ें- छठी मइया राह दिखाईं, घर की बाट जोहता परदेसिया मन (छठ गीतों का लोक संसार-5)

उम्मीद का दीया और विपत्तियों से लड़ने का साहस

गीत का एक सुंदर बिंब है, ‘मनवा में आसरा के जरेला दियरिया।’ आशा को दीये के रूप में देखना लोककाव्य की पुरानी और प्रिय परंपरा है। मगर यहां यह दियरी किसी उत्सवी सजावट का हिस्सा नहीं है। यह उस मन की लौ है, जो विपत्तियों के बीच अपने लिए राह तलाश रहा है। ‘दूर करिह रहिया से हमरो अनहरिया’ कहते हुए भक्त अपनी कठिनाइयों से मुक्ति की प्रार्थना करता है। उसके जीवन में अंधकार है, रास्ते में बाधाएँ हैं, फिर भी उम्मीद का दीप जल रहा है। इसी प्रसंग में गीत की सबसे मानवीय पंक्तियाँ आती हैं, ‘गिर-परी कबो त उठइह ए माई, हारी ना बिपतिया से इहे बा अरजिया।’ यह विनती अपने भीतर जीवन का एक जरूरी भरोसा सँजोये हुए है। मनुष्य गिर सकता है, उसकी हिम्मत टूट सकती है, परिस्थितियाँ उसे घेर सकती हैं, मगर वह फिर उठने की संभावना बचाये रखना चाहता है। वह छठी मइया से विपत्तियों को हमेशा के लिए मिटा देने की मांग नहीं करता, उनसे यह भी कहता है कि गिर पड़ूँ तो उठा लेना। इस प्रार्थना में असहायता के साथ संघर्ष का साहस भी है। अपने पैरों पर फिर खड़े होने की इच्छा है। जीवन से पीड़ा मिटाने की आकांक्षा है, मगर हार स्वीकार करने की तैयारी नहीं।

ये भी पढ़ें- माई बिनु छठ और लोर का अर्घ्य…(छठ गीतों का लोक संसार- 4)

छठ घाट का लोकदृश्य और सामूहिक आस्था

गीत का अगला दृश्य छठ घाट का है। ‘घाटवा के आरी-आरी सोभेला दउरवा, अरज सोभेला, सोभे चननी ओहारवा।’ घाट के किनारे सजे दउरे, चाँदनी में चमकता ओहार और पूजा की सामग्री के बीच उठती प्रार्थनाएँ। गीतकार ने छठ के दृश्य को बहुत कम शब्दों में उपस्थित कर दिया है। यहां सौंदर्य किसी कृत्रिम वर्णन से नहीं आता। वह व्रत की तैयारी, घाट की सज्जा और श्रद्धालुओं की सामूहिक उपस्थिति से बनता है। ‘चउमुख कोसिया के जगमग अंजोरिया’ में कोसी भरने की परंपरा का उल्लेख भी इसी लोकदृश्य को विस्तार देता है। चार मुखों वाला दीप अपनी लौ से चारों ओर प्रकाश फैलाता है। उसके सामने चार पहर तक छठी मइया की सेवा में लगी तिवइयों का चित्र है। यह सेवा एक दिन की रस्म नहीं, परिवार की मंगलकामना से जुड़ा हुआ कठिन अनुष्ठान है। इसके पीछे स्त्रियों की आस्था, संकल्प और श्रम का लंबा अनुभव है।

ये भी पढ़ें- बीमार माँ, व्याकुल बेटी और ‘उगी हे सुरुज देव’ की आस (छठ गीतों का लोक संसार- 3)

अपनी झोली के सुख के साथ सबके मंगल की कामना

इस गीत का भावलोक अपने सबसे आत्मीय रूप में तब खुलता है, जब व्रती अपनी झोली में संतान और सुहाग की मंगलकामना रखता है। ‘मांगेली आचरा में धिया पूत सेनुरा।’ यह पंक्ति भोजपुरी समाज के पारिवारिक जीवन की एक परिचित आकांक्षा को सामने लाती है। धिया-पुत के सुख और सेनुर की सलामती की कामना स्त्री के जीवनानुभव से जुड़ी है। मगर गीत की संवेदना इसके बाद एक व्यापक रूप ग्रहण करती है। ‘सबका आचरवा के हरिह बलइया, आचरा के छइयां लुटइह ए माई।’ अपनी झोली भरने की विनती के साथ वह सबके आँगन का मंगल भी चाहती है। हर घर की स्त्री के आँचल से विपत्ति दूर हो, हर परिवार को ममता का सहारा मिले। अपनी कामना को दूसरों के सुख से जोड़ देने का यह भाव भोजपुरी लोकसंस्कृति की एक सुंदर विशेषता है। यहां मंगल की कामना घर की देहरी पर आकर समाप्त नहीं होती। वह पड़ोस और पूरे समाज तक जाती है।

ये भी पढ़ें-दुनिया के ए छठी माई सुनेलू हो, हमरो तू सुनी ल पुकार… (छठ गीतों का लोक संसार- 2)

गीत में आदर्श आदि और स्निग्धा सरकार की गायकी इसकी भावभूमि के अनुकूल है। स्वरों में विनय है और एक सहज मिठास भी। गायन में प्रार्थना का भाव बना रहता है। गीत के बोल जिस आत्मीयता से छठी मइया को पुकारते हैं, स्वर भी उसी आत्मीयता के साथ उनका साथ देते हैं। गायकी गीत के भाव को अनावश्यक विस्तार नहीं देती। इस कारण शब्दों की संवेदना श्रोता तक सीधे पहुँचती है।

छठ के गीतों में मनुष्य अपनी सबसे निजी इच्छाओं को लोक के सामने रखता है। कहीं परिवार की कुशलता की चिंता होती है, कहीं संतान का सुख, कहीं जीवन की बाधाओं से निकलने की आस। सोन किशोर का यह गीत इन इच्छाओं को एक ऐसी प्रार्थना में पिरोता है, जिसमें अपने लिए सहारा माँगने के साथ सबके लिए मंगल की कामना भी है। इसकी सबसे सुंदर बात यही है कि गीत का भक्त अपनी आराध्या से अपने सपने पूरे करने की विनती करता है, पर दूसरों के आँचल की सलामती माँगना नहीं भूलता। छठ के घाट पर उठे हाथों की सार्थकता भी इसी भाव में है। अपनी झोली में सुख आये, मगर किसी दूसरे का आँचल सूना न रहे। शायद लोक की सबसे बड़ी उदारता इसी छोटी-सी प्रार्थना में बसती है।

ये भी पढ़ें-जिसे सबने दोषी माना, वह छठ माई के आगे आँचल पसारे खड़ी है (छठ गीतों का लोक संसार-1)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here