लखनऊ। भोजपुरी भाषा, लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से भोजपुरी महोत्सव का आयोजन 8 अगस्त 2026 को लखनऊ में किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह (लोक निर्माण भवन), लखनऊ में दोपहर 3 बजे से होगा। इस बात की जानकारी अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने दी है।
ये भी पढ़ें-भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग हुई तेज
श्री राय ने बताया कि महोत्सव में भोजपुरी संस्कृति, लोक संगीत, विचार गोष्ठी और सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े भोजपुरी कलाकार, साहित्यकार और संस्कृति प्रेमी शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में प्रसिद्ध लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां शामिल हैं। इसमें भोजपुरी लोकगायिका कल्पना पटवारी (असम), लोकगायक गोपाल राय (बलिया) सहित कई चर्चित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा मनोज तिवारी (सांसद, दिल्ली) भी कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में शामिल होंगे।

आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मा. पंकज चौधरी जी (प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा उत्तर प्रदेश एवं केंद्रीय मंत्री राज्य मंत्री) को आमंत्रित किया गया है। वहीं विशिष्ट अतिथियों में उत्तर प्रदेश सरकार और भोजपुरी समाज से जुड़े कई प्रमुख लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम सहयोगी मनोज सिंह ने बताया कि महोत्सव में भोजपुरी कला और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देने वाले कलाकारों का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम में अवधेश दुबे बालेश्वर, संतोष कुमार बनारसी, विजय भोजपुरिया, गीता शुक्ला, प्रीति लाल, अकलम अनजाना, लालधर वर्मा, सपना गुप्ता, आशा तिवारी, दीप्ति मिश्रा, सुनीता वर्मा, जया जी (विजयश्री), अंगराम ओझा, संजय कुमार यादव, रवि शंकर देहाती, राजेश कुमार, शिवलाल, शिप्रा दयाल, सहेंद्र राम मौर्य, स्वरा त्रिपाठी समेत कई कलाकारों की भागीदारी रहेगी।

आयोजकों के अनुसार भोजपुरी महोत्सव का उद्देश्य भोजपुरी भाषा, लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भोजपुरी समाज के विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श भी किया जाएगा।

