लखनऊ। भोजपुरी भाषा की बढ़ती लोकप्रियता और स्वीकार्यता का एक और बड़ा उदाहरण सामने आया है। उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के आगामी सीजन में पहली बार हिंदी के साथ भोजपुरी में भी कॉमेंट्री सुनाई जाएगी। इसे करोड़ों भोजपुरी भाषी लोगों के लिए सम्मान और पहचान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मैचों के दौरान अब पूर्वांचल, बिहार, झारखंड सहित देश-विदेश में बसे भोजपुरी भाषी क्रिकेट प्रेमी अपनी मातृभाषा में मैचों का रोमांच महसूस कर सकेंगे। यह पहल इस बात का संकेत है कि भोजपुरी अब केवल लोकगीत, साहित्य और सिनेमा तक सीमित नहीं रही, बल्कि खेल प्रसारण जैसे राष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही है।
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार लीग का आयोजन पहली बार लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में किया जा रहा है। लखनऊ में कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे।
ये भी पढ़ें-भोजपुरी गीत-संगीत का संकट या बदलाव? अश्लील बनाम श्लील की नई बहस
उन्होंने कहा कि भोजपुरी कॉमेंट्री शुरू करने का उद्देश्य पूर्वांचल और भोजपुरी भाषी क्रिकेट प्रेमियों को लीग से और अधिक जोड़ना है। जब दर्शक अपनी मातृभाषा में मैच का रोमांच सुनेंगे, तो उनका भावनात्मक जुड़ाव भी पहले से अधिक मजबूत होगा।
भाषा और संस्कृति के जानकारों का मानना है कि खेल जैसे लोकप्रिय माध्यम में भोजपुरी को स्थान मिलना इस भाषा की बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है। डिजिटल मीडिया, फिल्म, संगीत और समाचार माध्यमों के बाद अब खेल प्रसारण में भोजपुरी की उपस्थिति यह दर्शाती है कि भाषा का दायरा लगातार विस्तृत हो रहा है।
दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट दरें भी किफायती रखी गई हैं। सामान्य दिनों में अपर स्टैंड का टिकट 49 रुपये और लोअर स्टैंड का टिकट 99 रुपये होगा। शनिवार और रविवार को होने वाले मुकाबलों के लिए अपर स्टैंड का टिकट 99 रुपये तथा लोअर स्टैंड का टिकट 149 रुपये निर्धारित किया गया है।
दर्शकों के लिए सीजन टिकट और 3+1 फैमिली पैक भी उपलब्ध कराए गए हैं। अपर स्टैंड का सीजन टिकट 399 रुपये, लोअर स्टैंड का 499 रुपये का होगा। वहीं फैमिली पैक के तहत लोअर स्टैंड के लिए 1,047 रुपये और अपर स्टैंड के लिए 1,497 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
लीग का भव्य उद्घाटन 14 अगस्त को इकाना स्टेडियम में होगा। उद्घाटन समारोह में आईपीएल के कई स्टार खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। टिकट District ऐप पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जबकि ऑफलाइन बिक्री केंद्रों की घोषणा जल्द की जाएगी।
भोजपुरी समाज के लिए यह पहल केवल कॉमेंट्री की नई व्यवस्था नहीं, बल्कि भाषा के बढ़ते सम्मान और राष्ट्रीय स्तर पर उसकी स्वीकार्यता का प्रतीक भी है। करोड़ों भोजपुरी भाषियों के लिए यह निश्चित रूप से गर्व का अवसर है।

