शारदा सिन्हा: छठ गीतों की अमर आवाज और भोजपुरी लोकसंगीत की साधिका

0

डॉ. सुधाकर तिवारी
अंतरराष्ट्रीय महासचिव, विश्व भोजपुरी सम्मेलन

छठ का महापर्व है, सुपली है, दउरा है, सूप है, बहंगिया है, घवदिया का केरा है, नील गगन में मंडराने वाला सुगवा भी है… सब कुछ है, बस अब आज इन सबको शब्दों में आकार देने वाली, स्वर देने वाली शारदा सिन्हा नहीं हैं।

बिहार कोकिला शारदा सिन्हा ने भोजपुरी लोकगीतों को जनमानस में लोकप्रिय बनाया और बिहार के प्रवासियों के दर्द को अपनी आवाज में समेटा। उनकी गायकी ने छठ व्रतियों को सांत्वना दी और उनकी यादें आज भी छठ घाटों पर गूंजती हैं।

गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ा हूं। लाउडस्पीकरों पर तीखी ध्वनि में ट्रेनों के आने-जाने की उद्घोषणाएं गूंज रही हैं। इसके बीच-बीच में एक मधुर गीत बज उठता है। मन अनायास ही इस गीत की गायिका और उनकी मधुर स्मृतियों की ओर खिंचा चला जाता है-

‘पहिले-पहल हम कईनी, छठ मईया बरत तोहार…’

कुछ साल पहले बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की आवाज में पगा यह छठ गीत रिलीज हुआ था। यह गीत एक अलग ही सुकून देने वाला है और लोग इसे शेयर कर रहे हैं। इसे साझा करने की दो वजहें हैं। पहली, बिहार के लोगों की आत्मा से जुड़ा छठ महापर्व और दूसरी वजह हैं शारदा सिन्हा। उनके बिना सूप में ‘जोड़े-जोड़े फलवा’ तो हैं, ‘काचे बांस के बहंगी लचकत जात बा’ और व्रतियों से गुलजार छठ घाटों पर ‘उगा-उगा हो सुरुज देव’ की मनुहार भी हो रही है, लेकिन यह सब देखने-सुनने के लिए खुद शारदा सिन्हा नहीं हैं।

ये भी पढ़ें- छठ केवल सूर्योपासना नहीं, प्रकृति, लोकसंस्कृति और सामाजिक समरसता का महापर्व भी है

आगामी पांच नवंबर को उन्हें गुजरे हुए एक साल पूरा हो जाएगा। हर गुजरते समय के साथ वे एक याद बनती चली जाएंगी और पुण्यतिथि तथा स्मृति दिवसों में जीवित रहेंगी, लेकिन छठ घाटों की रौनक बढ़ाने वाले उनके सुरीले गीतों की माला में अब नए गीत नहीं जुड़ेंगे।

शारदा सिन्हा… तीसरे प्रकार का अनोखा संगीत

संगीत की समझ रखने वाले मानते हैं कि संगीत दो तरह का होता है। एक तो वह, जो दुख में आपका साथी बने, सांत्वना दे, साहस दे और आगे बढ़ने की प्रेरणा दे। दूसरा वह संगीत, जो आपकी खुशी और उत्साह को दोगुना कर दे। लेकिन जिन कानों में शारदा सिन्हा रस घोल चुकी हैं और जिनके दिल में उनकी आवाज की खदकती चाशनी शीरे की तरह उतर चुकी है, वे जानते हैं कि संगीत का एक तीसरा प्रकार भी होता है। वह संगीत, जिसे सुनकर आप बिना दुखी हुए और खुशमिजाज माहौल में भी रो सकते हैं, वह भी माहौल को गमगीन किए बिना।

वह संगीत, जो आपके भीतर छिपे किसी ट्रॉमा को ट्रिगर नहीं करता, बल्कि चुपके से जाकर उसे सहला आता है। अंदर ही अंदर घाव पर मरहम-पट्टी कर देता है और कई मामलों में इतना खुश कर देता है कि आपकी आंखों में खुशी के आंसू आ जाते हैं। यह लोक संगीत का जादू है और शारदा सिन्हा निर्विवाद रूप से इस जादू को जानने वाली जादूगर थीं।

ये भी पढ़ें- छठ पर्व : प्रकृति संरक्षण, लोकआस्था अउर भोजपुरिया संस्कृति के अटूट प्रतीक

आचार्य रामभद्राचार्य अपनी रामकथाओं में एक भजन/ठुमरी अक्सर गाया करते हैं-

‘आज मोहे रघुबर की सुध आई’

लोग इसे पसंद भी करते हैं, लेकिन वास्तव में इसे शारदा सिन्हा ने ही अपने किसी पुराने एल्बम में गाया था। साल 2021 में हुए ‘जश्न-ए-अदब’ के मौके पर उन्होंने इसकी लाइव प्रस्तुति दी थी। भजन में एक अंतरा आता है, जिसके भाव कुछ ऐसे हैं कि बारिश का महीना है (सावन-भादों), मूसलाधार बारिश हो रही है और अयोध्या के महल में राम-लखन की याद लिए सूनी आंखों वाली कौशल्या खिड़की पर बैठी हैं। उनकी चिंता देखिए, वे कह उठती हैं-

‘सावन गरजे-भादौं बरसे,
चलई पवन पुरवाई
कौन वृक्षतर भीजत हुईहैं,
सीय सहित दोऊ भाई।
मोहे रघुबर की सुध आई…’

मेरे घर-परिवार की व्रत परंपरा में छठ शामिल नहीं था, लेकिन गोरखपुर में पले-बढ़े होने के कारण इस महापर्व से मेरा बहुत करीबी नाता रहा है। इतना कि छठ अपने ही घर में होने वाला कोई त्योहार लगता है। बचपन से ही खुद को नहाय-खाय के लौकी-चावल, खरना के रसियाउर-रोटी और आखिरी दिन सूर्योदय के बाद घाट पर मिलने वाले महाप्रसाद ठेकुआ से जुड़ा हुआ पाया है।

1965 में, जब मैं कक्षा चार में पढ़ रहा था और गंभीर तथा असाध्य अस्वस्थता से जूझ रहा था, तब मेरे गांव के ही मेरे आसामी और मेरे पितामह राजमंगल तिवारी के दीक्षा-शिष्य श्री मदई कानू की पत्नी के कहने पर मेरी दादी स्वर्गीया सम्पाती देवी ने पहली बार मेरे जीवन की रक्षा के लिए यह व्रत रखा। उनके वृद्ध हो जाने के बाद मेरी मां ने यह व्रत करना शुरू किया और अब परिवार की दो पुत्रवधुओं सहित मेरी धर्मपत्नी भी लगभग 35 वर्षों से इस व्रत का निर्वहन कर रही हैं।

इस जुड़ाव को और मजबूत करते रहे हैं शारदा सिन्हा के गीत, जिनके भीतर कितने गहरे और कितने मार्मिक भाव भरे होते थे। उनका एक गीत है- ‘केलवा के पात पर’। इस गीत में एक छठ व्रती महिला से बातचीत है। एक दूसरी महिला उससे बार-बार पूछ रही है कि यह व्रत क्यों कर रही हो? यह व्रत किसके लिए फलदायी होगा? इस व्रत से किसकी पूजा होगी? इन सारे सवालों के जवाब में छठ व्रती महिला सूर्यदेव की पूजा की बात बताती है और कहती है कि यह व्रत उसकी संतान के लिए फलदायी होगा।

यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि गीत में संतान की बात है, न कि सिर्फ बेटे की। यहां संतान में पुत्र-पुत्री का अभेदात्मक संबंध है।

ये भी पढ़ें-खरना के दिन रिलीज हुए मनोज भावुक के दो नए छठ गीत, एक में सोशल मीडिया की धूम तो दूसरे में परदेशी पिया के इंतजार का दर्द

क्योंकि गीत का आखिरी अंतरा बेटी को भी व्रत का फल मिलने की बात उतने ही जोरदार तरीके से करता है, जितने जोर-शोर से इसके पहले अंतरे में बेटे का जिक्र आया है।

‘केरवा के पात पर उगेलन सुरुज मल झांके झुंके
हो करेलु छठ बरतिया से झांके झुंके
हम तोसे पूछी बरतिया ऐ बरितया से केकरा लागी
तू करेलूऽ छठि बरतिया कि
केकरा लागी
हमरो जे बेटवा पवन अइसन बेटवा से
उनके लागी
हो करेलीं छठ बरतिया से उनके लागी…’

केले के पत्ते की आड़ से उगे हुए सूर्यदेव छठ व्रतियों को झांककर देख रहे हैं, जो उनकी पूजा कर रही हैं। लेकिन पूजा तुम क्यों कर रही हो, किसके लिए कर रही हो? व्रती कहती है कि यह व्रत अपने पवन की तरह चंचल बेटे के लिए कर रही हूं। देखो, इससे उसका जीवन कैसे संवर जाएगा। सूर्यदेव छठ व्रती की यह बात सुन रहे हैं और कह रहे हैं कि ऐसा ही होगा। यह व्रत मेरी बेटी के लिए भी है, जो मेरे बेटे की ही तरह हवा जैसी चंचल है। देखती जाओ, कैसे सूर्यदेव के आशीष से उसका जीवन बदलता चला जाएगा।

अधिकांश उत्तर भारतीय दिवाली के मौके पर अपने घर की ओर रवाना होते हैं, लेकिन दिल्ली-मुंबई, पुणे-बेंगलुरु के कॉरपोरेट जगत का हिस्सा बन चुके बिहार के लोग, जिनके भीतर छठ की वेदी पर जलाया गया दीपक टिमटिमाता रहता है, साल भर अपनी तमाम छुट्टियां बटोरते देखे जा सकते हैं, ताकि छठ के चार दिनों के मौके पर कम से कम वे अपने घर, अपने परिवार और अपने लोगों के बीच रह सकें। जो इतने प्रयासों के बावजूद नहीं जा पाते हैं, शारदा सिन्हा के गीत उन्हें इस महापर्व से रूबरू कराने की कोशिश करते हैं।

उनकी मधुर आवाज छठ का अभिन्न अंग यूं ही नहीं बन गई है, बल्कि उनके कंठ से प्रवासियों का दर्द इतनी शिद्दत से आवाज बनकर उभरा है कि कई बार ये छठ गीत सिर्फ छठ मइया की प्रार्थना में उठे स्वर नहीं लगते, बल्कि क्रांति की आवाज बन जाते हैं और घर लौट चलने का आह्वान करते हैं। अपने निधन से कुछ महीने पहले ही उन्होंने जो छठ गीत जारी किया था, वह भी कुछ ऐसे ही दर्द और ऐसी ही आस का बयान था। उसमें एक छठ व्रती का दुख, उसका दर्द, उसकी आशा और उसकी आस्था, सब कुछ समाया हुआ था।

“दुखवा मिटइ छठी मैया, रउआ असरा हमार”

‘मां छठी, हमारे दुख दूर करो, तुम हमारी आशा हो’ को सुनना अपने आप में एक अनुष्ठान-सा लगता है।

हालांकि, शारदा सिन्हा की कला को सिर्फ छठ तक सीमित कर देना उनके साथ बेमानी होगी। भोजपुरी साहित्य को जनमानस में लोकप्रिय बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने प्रमुख कवियों के गीत गाकर उन्हें अमर कर दिया। उन्होंने भोजपुरी लोकगीतों को एक मजबूत पहचान दी। महेंद्र मिसिर, जिन्हें पुरबिया बादशाह कहा जाता है, के कई गीतों को सिन्हा ने अपनी आवाज से अमर कर दिया। इनमें एक गीत है-

हमनी के रहल जाई, दुनु हो परानी राम,
केकरा आगी मांगबि केकरा से पानी राम,
केकरा पर छोड़ि के जालऽ, टूटही पलानी राम।
जेकरा आगी मंगिहऽ ओकरे से पानी राम,
ऊंचे ऊंचे पांव धरिहऽ
बीती जिनिगानी राम।

इस गीत में चाकरी के लिए जा रहे अपने पति से एक पत्नी पूछती है कि तुम तो चले जा रहे हो, यहां मेरा कौन ख्याल रखेगा?

मैथिली कवि विद्यापति से महादेव हलवाई तक… शारदा सिन्हा ने इनकी रचनाओं को बनाया अमर

प्रवासन के कारण अलगाव पर आधारित ये रचनाएं आज भी बिहार में प्रासंगिक हैं और शारदा सिन्हा की आवाज इनमें करुणा और सहनशीलता को खूबसूरती से कैद करती है। उन्होंने भिखारी ठाकुर (भोजपुरी के शेक्सपियर के नाम से प्रसिद्ध), महादेव हलवाई, राम सकल सिंह, नरेश सिन्हा और विकास समस्तीपुरी जैसे कवियों की रचनाओं और कृतियों को आवाज दी तथा अपने सुरों से सजाया। उन्होंने अपनी गायकी के जरिए 14वीं शताब्दी के मैथिली कवि विद्यापति के साहित्य को भी लोकप्रिय बनाया।

ये भी पढ़ें-जल, ज्योति और जनमन, छठ में झलकती लोकसंस्कृति की अमर ज्योति

एक गीत में एक महिला अपने आंगन में कांव-कांव कर रहे कौवे को बताती है कि अगर उसके पति लौट आएं, तो वह उसे दूध-भात खाने को देगी और उसकी चोंच को सोने से मढ़वा देगी। यह गीत भी बिहार से पलायन और प्रवासन के दुख को शब्द देता है-

मोरा रे अंङनवा चनन केरि गछिया,
ताहि चढ़ि कुरुरय काग रे।
दूध भात देबो तोहे बायस,
जौं पिया आवत आजु रे।

राम की माता भी वनवासी राम के लिए ऐसे ही सगुन मना रही हैं-

बैठी सगुन मनावति माता।
दूध भात की दोनी दैहों,
कहहुं काग फुरि बाता।।
बैठी सगुन मनावति माता।।

शारदा सिन्हा को लोक कवियों की इन रचनाओं को मुख्यधारा में लाने तथा अपने अमर गीतों और गायकी के लिए साल 1991 में पद्मश्री और 2018 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

हर रस्म-हर अनुष्ठान से जुड़ीं शारदा सिन्हा

शारदा सिन्हा ने विवाह समारोहों से जुड़े हर अनुष्ठान के लिए गीत गाए। हल्दी, तिलक, शादी, लावा मेरई से लेकर दुल्हन की विदाई और द्वार छिकाई तक। इन गीतों में नवविवाहिता की टीस, उसके उमंग, उसकी लाज, उसकी खुशियों और उसके भीतर बुने जा रहे सपनों को भी सुर मिला है।

एक पुराने एल्बम ‘पिरितिया’ में उन्होंने एक प्रसिद्ध समाजवादी भोजपुरी गीत गाया, जिसमें एक महिला मजदूर जमींदार को बताती है कि वह अब उसके लिए काम नहीं करेगी, क्योंकि वह अपने बेटे को स्कूल भेजता है, जबकि उसका बेटा उसकी भैंसों को चराता है।

भोजपुरी, मैथिली और मगही में गाने के अलावा शारदा सिन्हा ने हिंदी फिल्मों के लिए भी गाया। क्या आप करवाचौथ का वह आइकॉनिक गीत कभी भूल पाएंगे, ‘कहे तोसे सजना’, जिसने करवाचौथ के असली मर्म, धर्म और कर्म को कितनी शालीनता से समझाया था?

शारदा सिन्हा का जन्म 1 अक्टूबर, 1952 को हुआ था और बीते साल अपनी मृत्यु तक वे लोकगीतों और संगीत के प्रति समर्पित रहीं। उनके गीत बिहारी अस्मिता को असली अर्थ देते हैं और कहते हैं कि शारदा सिन्हा कहीं नहीं गई हैं। वे जन्म में हैं, बधाई में हैं, प्रेम में हैं, बिछड़न में भी हैं। विवाह में हैं, दुख-दैन्य और दुर्दिन में भी हैं और मृत्यु में भी हैं।

बस आज जब सुपली, दउरा, बहंगी और डगरा सजाए जा रहे हैं और उन्हें छठ घाट पर ले जाने की तैयारी हो रही है, तो बरबस ही शारदा सिन्हा की याद आ रही है। वे सुनाई तो दे रही हैं, दिख नहीं रही हैं। काश! वे होतीं तो…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here