Zee Bhojpuri Award 2026 भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अवॉर्ड शो ‘जी भोजपुरी सम्मान 2026’ का आयोजन बिहार की राजधानी पटना में भव्य अंदाज में किया गया। इस खास अवॉर्ड नाइट में भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों ने शिरकत की, लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां सुपरस्टार खेसारी लाल यादव और अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने बटोरीं। दोनों कलाकारों को उनकी शानदार और बहुमुखी प्रतिभा के लिए ‘मोस्ट वर्सेटाइल’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
भोजपुरी फिल्मों और गीतों की लोकप्रियता अब केवल बिहार और यूपी तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश के कई राज्यों में भी इसकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग देखने को मिल रही है। इसी लोकप्रियता को सम्मान देने के लिए आयोजित इस अवॉर्ड शो में इंडस्ट्री के नामचीन कलाकारों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
ये भी पढ़ें-अहूना से चम्पारण मटन बनने की कहानी, धीमी जिंदगी का स्वाद भी
खेसारी लाल यादव बने ‘मोस्ट वर्सेटाइल एक्टर’
भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को फिल्मों में उनकी दमदार एक्टिंग और अलग-अलग किरदारों को शानदार ढंग से निभाने के लिए ‘मोस्ट वर्सेटाइल एक्टर’ का अवॉर्ड दिया गया। अवॉर्ड मिलते ही उनके फैंस खुशी से झूम उठे और सोशल मीडिया पर लगातार बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
अक्षरा सिंह को मिला ‘मोस्ट वर्सेटाइल एक्ट्रेस’ सम्मान
अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी अपनी एक्टिंग, गायकी और स्टेज परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीतते हुए ‘मोस्ट वर्सेटाइल एक्ट्रेस’ का खिताब अपने नाम किया। फिल्मों के साथ-साथ म्यूजिक वीडियो और टीवी शोज में भी उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
निरहुआ और आम्रपाली दुबे भी रहे चर्चा में
अवॉर्ड नाइट में अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को उनकी फिल्म ‘हमार नाम बा कन्हैया’ के लिए ‘पॉपुलर एक्टर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं अभिनेत्री आम्रपाली दुबे को फिल्म ‘मेरे हसबैंड की शादी’ में बेहतरीन अभिनय के लिए ‘बेस्ट एक्ट्रेस’ का पुरस्कार मिला।
ये भी पढ़ें-भोजपुरी सिनेमा के ‘अमरीश पुरी’ के बारे में आप कितना जानते हैं?
गुलशन पांडे और संजय पांडे को भी मिला सम्मान
शो में निगेटिव किरदारों में शानदार अभिनय के लिए गुलशन पांडे और संजय पांडे को ‘बेस्ट एक्टर इन निगेटिव रोल’ अवॉर्ड दिया गया। रेड कार्पेट पर कलाकारों की एंट्री और मंच पर उनकी मौजूदगी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
रंगारंग कार्यक्रमों से सजी अवॉर्ड नाइट
‘जी भोजपुरी सम्मान 2026’ केवल अवॉर्ड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि डांस परफॉर्मेंस, म्यूजिक और रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया। भोजपुरी इंडस्ट्री के लिए यह अवॉर्ड शो बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि यह कलाकारों को नई पहचान और सम्मान देने का मंच बन चुका है।
ये भी पढ़ें-मिट्टी की दीवारों से दुनिया तक मधुबनी पेंटिंग का रंगीन सफर

