हिंदी, भोजपुरी और मराठी में सहज बातचीत; भारत की भाषा, संस्कृति और शाकाहारी खानपान के मुरीद हैं जर्मनी के रेनर क्रैक
नई दिल्ली। भारत की भाषाई विविधता का आकर्षण सिर्फ देशवासियों तक सीमित नहीं है। जर्मनी के यात्री रेनर क्रैक का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। वीडियो में वे न सिर्फ धाराप्रवाह हिंदी बोलते नजर आ रहे हैं, बल्कि बातचीत के दौरान अचानक भोजपुरी में जवाब देकर सामने मौजूद लोगों को चौंका देते हैं।
रेनर क्रैक जर्मनी के रहने वाले हैं और फिलहाल थाईलैंड के बैंकॉक में रहते हैं। उनके बारे में बताया गया है कि वे अब तक करीब 150 बार भारत की यात्रा कर चुके हैं। लंबे समय से भारत आने-जाने के दौरान उन्होंने यहां की भाषाओं, संस्कृति और खानपान को करीब से जाना और कई भारतीय भाषाओं से परिचित हुए।
View this post on Instagram
हिंदी में बातचीत, भोजपुरी ने किया हैरान
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में क्रैक एक महिला से हिंदी में बातचीत करते दिखाई देते हैं। भारत के बारे में बात करते हुए उन्होंने देश को शाकाहारियों के लिए बेहद खास जगह बताया और यहां मिलने वाले विभिन्न प्रकार के शाकाहारी भोजन की तारीफ की।
बातचीत के दौरान जब उनसे मराठी बोलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मराठी के बजाय भोजपुरी में जवाब देकर सबको हैरान कर दिया। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को खासा पसंद आया।
भारत की अलग-अलग संस्कृतियों पर लिखी किताबें
रेनर क्रैक का भारत से जुड़ाव सिर्फ यात्राओं तक सीमित नहीं है। उन्होंने जर्मन भाषा में भारत और यहां की अलग-अलग संस्कृतियों पर किताबें भी लिखी हैं। बातचीत में उन्होंने भारत की विविध संस्कृतियों के बारे में अपने अध्ययन और रुचि का जिक्र किया।
बताया गया है कि उन्होंने विश्वविद्यालय के दिनों में कई भाषाएं सीखीं और बाद में भारत की यात्राओं के दौरान भारतीय भाषाओं से उनका जुड़ाव और मजबूत होता गया। वे हिंदी की किताबें भी पढ़ते हैं।
‘मां कसम’ से लेकर ‘मेरा भारत महान’ तक
वीडियो में क्रैक के मुंह से भोजपुरी अंदाज में बातचीत और ‘मां कसम’ जैसे शब्द सुनकर सोशल मीडिया यूजर्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि भोजपुरी बोलने और ‘मां कसम’ कहने के बाद तो वे भारतीय ही लगते हैं। बातचीत के अंत में उनका ‘मेरा भारत महान’ कहना भी लोगों को खूब पसंद आया।
भोजपुरी ने फिर दिखाया अपना आकर्षण
रेनर क्रैक का वीडियो इस मायने में भी खास है कि एक विदेशी यात्री का भोजपुरी बोलना इस भाषा की लोकप्रियता और सांस्कृतिक पहुंच को सामने लाता है। भोजपुरी सिर्फ भारत के भोजपुरी भाषी इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रवासियों और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भी इसकी सांस्कृतिक मौजूदगी है। रेनर क्रैक का भोजपुरी में सहजता से संवाद करना बताता है कि भाषा केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि किसी संस्कृति को समझने और उससे जुड़ने का रास्ता भी है।

