बीमार माँ, व्याकुल बेटी और ‘उगी हे सुरुज देव’ की आस

1

डॉ. देवेन्द्र

छठ गीतों का लोक संसार- 3 

छठ गीतों का अपना अनूठा लोक है। इस संसार में प्रवेश करते ही लगता है कि लोकजीवन ने अपनी सबसे आत्मीय स्मृतियों, अपने दुख-सुख, मनौतियों और पारिवारिक रिश्तों को सुरों में बाँध दिया है। छठ के गीतों में नदी है। पोखर है। घाट है। बाँस का दउरा है। सूप है। फल-फूल हैं और जल में खड़ी एक तिवई (स्त्री) है। उसके हाथ जुड़े हैं। आँखें पूरब की ओर लगी हैं। देह थकी हुई है, मन में संकल्प है। वह सुरूज देव के उगने की प्रतीक्षा कर रही है। छठ गीतों का यह संसार जितना भोजपुरी समाज का है, उतना ही उन मानवीय भावों का भी है, जिन्हें भाषा और भूगोल की सीमाओं में नहीं बाँधा जा सकता।

भोजपुरी से परे भी छठ के सुरों की आत्मीयता

दिलचस्प है कि लोकप्रिय संस्कृति में छठ गीतों की एक बड़ी धारा ऐसे गायकों के स्वरों से होकर आई है, जिनकी अपनी मातृभाषा भोजपुरी नहीं रही। अनुराधा पौडवाल से आरंभ हुआ यह सिलसिला अब अभिलिप्सा पांडा तक पहुँचता दिखाई देता है। इस बार चर्चा में अभिलिप्सा हैं। मूलतः ओड़िया भाषी अभिलिप्सा की पहचान देश-दुनिया में लोकप्रिय हुए ‘शिव भजन हर हर शंभू शिव महादेवा’ से बनी। इस भजन ने इंटरनेट और सोशल मीडिया के रास्ते उन्हें घर-घर तक पहुँचाया। अब उनका छठ गीत ‘उगी हे सुरुज देव’ सुनाई दे रहा है। इस गीत को सुनते हुए सुखद अनुभव होता है। लगता है, उन्होंने छठ के भावलोक में प्रवेश करने के लिए उसके शब्दों का सहारा भर नहीं लिया, उसके भीतर धड़कते जीवन को भी समझने की कोशिश की है।

बीमार माँ, व्याकुल बेटी और सूर्यदेव से अरज

गीत की शुरुआत एक ऐसी स्त्री से होती है, जो बीमार है। देह में सामर्थ्य नहीं है। फिर भी वह छठ का व्रत कर रही है। जल में खड़ी है। शरीर थर-थर काँप रहा है। पूरब की ओर टकटकी लगी है। सूर्यदेव के उगने की प्रतीक्षा है। इस दृश्य को गीत की बिटिया अपनी आँखों से देख रही है। वह सूर्यदेव से विनती करती है कि उगिए, दर्शन दीजिए। अर्घ्य स्वीकार कीजिए। उसकी पुकार में अपनी माँ के लिए चिंता है और उस व्रत के पूरा होने की उत्कंठा भी। गीत का सबसे मार्मिक पक्ष यही है कि यहाँ व्रत करने वाली स्त्री अपनी पीड़ा कहने के लिए उपस्थित नहीं है। उसकी देह बोल रही है और उसकी बिटिया उसके मन की बात सूर्यदेव तक पहुँचा रही है।

ये भी पढ़ें-दुनिया के ए छठी माई सुनेलू हो, हमरो तू सुनी ल पुकार…

माँ के त्याग में संतान के सुख की कामना

‘रोगी हई तबो बरत कईले बाड़ी माई’ में एक पूरा पारिवारिक संसार समाया हुआ है। बीमारी के बावजूद व्रत करती माँ और उसके लिए व्याकुल बेटी। छठ के गीतों में ऐसी स्त्रियाँ बार-बार मिलती हैं। वे अपने परिवार के मंगल की कामना में उपवास करती हैं। संतान के सुख, पति की कुशलता और घर-परिवार की सलामती के लिए सूर्यदेव से अरज लगाती हैं। इस गीत में बेटी माँ के तप को देख रही है। वह जानती है कि माँ ने अन्न-जल त्याग दिया है। वह यह भी देख रही है कि अब माँ की देह साथ नहीं दे रही। इसलिए उसकी प्रार्थना में एक अतिरिक्त बेचैनी है। वह सूर्यदेव से अपने लिए कुछ नहीं माँग रही। उसकी पुकार है कि माँ का व्रत पूरा हो जाए। उसे दर्शन मिल जाएँ। अर्घ्य स्वीकार हो जाए।

‘बेटा बेटी खातिर कष्ट अतना उठावेली, अन्न जल छोड़ी देव रउरा के मनावेली’ में छठ की पारिवारिक चेतना खुलती है। माँ का उपवास उसके निजी संकल्प से आगे बढ़कर संतान के प्रति उसके स्नेह का विस्तार बन जाता है। लोकगीत इस स्नेह को किसी बड़े सिद्धांत की तरह प्रस्तुत नहीं करते। वे उसे घर-आँगन के छोटे-छोटे दृश्यों में रख देते हैं। माँ की थकी देह, बेटी की चिंता, सूप में सजे फल और जल में काँपते हाथ। इन्हीं दृश्यों से छठ का भावलोक बनता है।

ये भी पढ़ें-जिसे सबने दोषी माना, वह छठ माई के आगे आँचल पसारे खड़ी है

गीत का एक और सुंदर बिंब है, ‘फल-फलहरिया से सुपावा सजाई के, बुझे नाहीं देली दिया आस के जराई के।’ सूप में सजाए फल और उसके पास जलता दीपक। यह दीपक घर की उस आशा का प्रतीक है, जिसे स्त्रियाँ कठिन से कठिन समय में भी बचाए रखती हैं। उसकी लौ छोटी हो सकती है, हवा से काँप सकती है, मगर उसे बुझने नहीं देना है। गीत में बिटिया कहती है कि माँ अपने आँचल से उस दीपक को ढाँप रही है। यह दृश्य कितना घरेलू और आत्मीय है। छठ के अनुष्ठान में प्रयुक्त वस्तुएँ यहाँ जीवन के अर्थ ग्रहण कर लेती हैं। सूप, फल, दीप और आँचल मिलकर एक ऐसे घर की कथा कहते हैं, जहाँ विपत्ति के बीच भी उम्मीद का दिया जल रहा है।

अभिलिप्सा की गायकी में लोकभाव की अभिव्यक्ति

अभिलिप्सा की गायकी की विशेषता यह है कि वह इस भाव को अनावश्यक नाटकीयता में नहीं बदलतीं। उनके स्वर में विनय है, आग्रह है और एक सहज भावुकता है। वे गीत के शब्दों को गाने भर का काम नहीं करतीं, उनके भीतर छिपे दृश्य को सामने लाने की कोशिश करती हैं। खासकर ‘उगी हे सुरुज देव’ की पुकार में एक प्रतीक्षा है। उसमें बेटी की व्याकुलता सुनाई देती है। गायकी का यह गुण महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि छठ गीतों में सुर का सौंदर्य उसके भाव से अलग करके नहीं समझा जा सकता। यहाँ स्वर को उस स्त्री की देह की थरथराहट और बेटी के मन की छटपटाहट, दोनों को अपने भीतर जगह देनी होती है। अभिलिप्सा इस भावभूमि तक पहुँचती दिखाई देती हैं। एक ओड़िया भाषी गायिका का भोजपुरी गीत में इस तरह रच जाना भारतीय लोकसंस्कृति की उस सहज आत्मीयता का परिचय है, जिसमें अपनापन भाषा की सरहद देखकर नहीं आता।

आस्था के साथ जरूरी है व्रती के स्वास्थ्य की चिंता

फिर भी इस गीत के प्रसंग में एक जरूरी बात पर ठहरना चाहिए। बीमार और जीर्ण-शीर्ण देह से व्रत करती स्त्री का चित्र लोकआस्था की दृढ़ता को सामने लाता है। उसके संकल्प में परिवार के लिए मंगलकामना है, सूर्य के प्रति कृतज्ञता है और पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा के प्रति लगाव है। पर इस दृश्य को सुनते हुए मन में यह प्रश्न भी उठता है कि माँ के इस तप को देखकर बेटी के भीतर कैसी चिंता जन्म लेती होगी। लोकगीत माँ के त्याग का सम्मान करते हैं, पर बेटी की पुकार हमें माँ की देह की पीड़ा से भी परिचित कराती है। आस्था का सम्मान करते हुए व्रती स्त्री के स्वास्थ्य और सामर्थ्य का ध्यान रखना भी परिवार का दायित्व है। परंपरा का मर्म जीवन की रक्षा में है। इसीलिए इस गीत का मानवीय पक्ष और भी महत्त्वपूर्ण हो उठता है।

यह भी पढ़ें- अपनी बोली में विद्रोह के गीत ‘अँगूठा कटत हमार बा’

लोकगीतों की एक खूबी यह भी है कि वे किसी भाव को समझाने के लिए बहुत दूर नहीं जाते। एक दृश्य रखते हैं और सुनने वाले को उसके पास छोड़ देते हैं। इस गीत में भी कोई लंबा आख्यान नहीं है। एक बीमार माँ है। जल में खड़ी है। एक बेटी है, जो माँ को देख रही है। सूप में फल सजे हैं। दीपक जल रहा है। पूरब की ओर निगाहें लगी हैं। बस, इतना-सा दृश्य है और इसमें एक पूरा परिवार, उसकी आस्था, उसका प्रेम और उसकी आशा समा गए हैं।

भाषा की सीमाओं से परे लोकगीतों का साझा संसार

अभिलिप्सा पांडा ने इस भोजपुरी छठ गीत को गाकर एक बार फिर यह जताया है कि लोकगीतों का अपना एक विस्तृत सांस्कृतिक भूगोल होता है। उसमें प्रवेश करने के लिए उस भूगोल में जन्म लेना अनिवार्य नहीं। उसके लोगों के जीवन, उनके सुख-दुख और उनकी आस्थाओं के प्रति संवेदनशील होना जरूरी है। अनुराधा पौडवाल से लेकर अभिलिप्सा तक गैर-भोजपुरी स्वरों में गाए गए छठ गीतों की लोकप्रियता को इसी संदर्भ में देखना चाहिए। यह भोजपुरी लोकधुनों का दूसरे भाषाई समाजों तक पहुँचना भी है और भारतीय संगीत की साझी विरासत का विस्तार भी।

गीत समाप्त हो जाता है, पर मन में एक दृश्य ठहरा रहता है। जल में खड़ी माँ, काँपते हाथ, पूरब की ओर लगी आँखें और उसके लिए सूर्यदेव से विनती करती बेटी। उगते सूर्य की पहली किरण जब जल पर पड़ती होगी, तब माँ के चेहरे पर कैसी तृप्ति उतरती होगी! शायद बेटी की आँखों में भी उस समय एक भरोसा जन्म लेता होगा। छठ का सौंदर्य इसी में है। यहाँ सूर्य के उगने की प्रतीक्षा में एक परिवार की उम्मीदें भी उगती हैं। और उस उम्मीद को स्वर देने के लिए अभिलिप्सा ने अपनी भाषा से दूर एक लोक के मन तक पहुँचने का रास्ता खोज लिया है।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here