कोलकाता/हुगली। भोजपुरी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन के तत्वावधान में पश्चिम बंगाल भोजपुरी साहित्य सम्मेलन की राज्य इकाई का गठन किया गया। हुगली जिले के चापदानी स्थित आदर्श नगर में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजेंद्र भारती ने की। इस अवसर पर भोजपुरी भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को पश्चिम बंगाल में अधिक संगठित और सक्रिय बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में भोजपुरी भाषी समाज निवास करता है और उन्हें एक साझा साहित्यिक मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
नई कार्यकारिणी में रामनाथ यादव ‘बेबक्सर’ को अध्यक्ष, अशोक वर्मा ‘हमदर्द’ को महामंत्री, डॉ. अजय वर्मा को उपाध्यक्ष, डॉ. शिव प्रकाश दास को साहित्य मंत्री, अर्जित यादव को कोषाध्यक्ष, सचिन देव वर्मा को उपमंत्री, मौसमी प्रसाद को महिला प्रभार तथा स्नेह कुमारी साव को सह-प्रभारी का दायित्व सौंपा गया। वहीं कला एवं संगीत प्रभाग की जिम्मेदारी लोकनाथ बेनवंशी को दी गई।
कार्यक्रम में निर्मल चौधरी और शंकर रावत संरक्षक के रूप में उपस्थित रहे। नवगठित टीम ने भोजपुरी भाषा, साहित्य और लोकसंस्कृति के संरक्षण, युवा पीढ़ी को जोड़ने तथा राज्यभर में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भोजपुरी साहित्य के विस्तार, नए रचनाकारों को मंच देने और भाषा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित साहित्यिक गोष्ठियों, कवि सम्मेलनों, पुस्तक विमोचन और सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला शुरू की जाएगी।
Bhojpuri24.com परिवार की ओर से पश्चिम बंगाल भोजपुरी साहित्य सम्मेलन की नवगठित राज्य इकाई के सभी पदाधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएँ।

