भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ जल्द ही एक नए रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आने वाले हैं। इस शो में आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जैसे बड़े कलाकार भी दिखाई देंगे।
जियोहॉटस्टार और कलर्स मिलकर इस शो को लेकर आ रहे हैं। खास बात यह है कि यह कोई पारंपरिक रियलिटी शो नहीं होगा। इसमें न तो कोई टास्क होगा और न ही एलिमिनेशन। शो को ‘फॉलो रियलिटी’ फॉर्मेट में बनाया गया है, जहां कैमरे सिर्फ कलाकारों की असली जिंदगी को करीब से दिखाएंगे।
फैंस को दिखेगा सितारों का असली चेहरा
‘भोजपुरी बवाल’ में दर्शकों को इन सितारों की निजी और प्रोफेशनल जिंदगी की झलक देखने को मिलेगी। शो में स्टारडम, फैमिली प्रेशर, फैंस की दीवानगी, इंडस्ट्री की राइवलरी, विवाद और संघर्ष जैसे पहलुओं को दिखाया जाएगा।
भोजपुरी इंडस्ट्री के लिए बड़ा प्रयोग
जियोस्टार एंटरटेनमेंट के अधिकारियों के मुताबिक, यह भोजपुरी इंडस्ट्री का पहला ऐसा शो होगा जो कलाकारों की रियल लाइफ को बिना स्क्रिप्ट और बिना ड्रामा के पेश करेगा। मेकर्स का मानना है कि इससे दर्शकों को अपने पसंदीदा सितारों को और करीब से जानने का मौका मिलेगा।
जल्द होगी स्ट्रीमिंग
‘भोजपुरी बवाल’ जल्द ही जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा, जबकि टीवी पर इसे कलर्स चैनल पर प्रसारित किया जाएगा। शो को लेकर भोजपुरी दर्शकों में अभी से जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।


[…] […]